वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद न्यूयॉर्क से सामने आए वीडियो ने दुनिया का ध्यान खींचा है. अमेरिकी सेना निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले आई, जहां उन्हें ब्रुकलिन स्थित अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के मुख्यालय परिसर में बने मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर (MDC) में रखा गया है. हिरासत में ले जाते वक्त मादुरो का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह ‘हैप्पी न्यू ईयर’ और ‘गुड नाइट’ कहते नजर आ रहे हैं.
एयरबेस से DEA ऑफिस तक पूरी ‘परेड’
अमेरिकी सेना ने मादुरो को न्यूयॉर्क के एक एयरबेस पर उतारने से लेकर DEA मुख्यालय तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की. व्हाइट हाउस की रैपिड रिस्पांस 47 टीम ने इन वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी किया, जिन्हें पूरी दुनिया में देखा जा रहा है.
‘गुड नाइट, हैप्पी न्यू ईयर’ कहते नजर आए निकोलस मादुरो, उन्हें न्यूयॉर्क सिटी के DEA हेडक्वार्टर लाया गया pic.twitter.com/T3w3mb4mXx
— RT Hindi (@RT_hindi_) January 4, 2026
हथकड़ी में, काली हुडी पहने दिखे मादुरो
मैनहैटन स्थित DEA कार्यालय के अंदर का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया गया है. इसमें 63 वर्षीय मादुरो हथकड़ी पहने, काले रंग की हुडी वाली स्वेटशर्ट में नजर आ रहे हैं. वे ‘DEA NYD’ लिखे नीले कालीन से ढके गलियारे में चलते दिखे. यहां वह अधिकारियों को ‘गुड नाइट, हैप्पी न्यू ईयर’ कहते नजर आए.
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार शाम मादुरो की एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें उनकी आंखों पर पट्टी बंधी थी और हाथों में हथकड़ी लगी थी.
काराकास में घर से हुई गिरफ्तारी
शनिवार तड़के अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला पर हवाई हमला किया. इसी दौरान राजधानी काराकास के फोर्ट टियूना सैन्य परिसर में अपने आवास पर सो रहे मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिकी सैनिकों ने हिरासत में ले लिया.
कोकीन तस्करी और नार्को-टेररिज्म के आरोप
अमेरिका ने मादुरो पर कोकीन तस्करी, नार्को-टेररिज्म को बढ़ावा देने और चुनावों में धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं. इन्हीं आरोपों के आधार पर अमेरिका ने वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन की योजना बनाई. अमेरिकी सेना ने कार्रवाई से पहले कैरेबियन सागर में वेनेजुएला की घेराबंदी की थी. अमेरिका ने मादुरो को सत्ता छोड़ने और देश छोड़ने को कहा था, लेकिन उनके इनकार के बाद हवाई हमले किए गए और अंत में उन्हें उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया.