कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष ने वोट चोरी के मामले पर चुनाव आयोग को घेरा था. राहुल ने बुधवार (5 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव के दौरान धांधली हुई थी. राहुल ने इस दौरान एक ब्राजीलियन मॉडल की फोटो लगे हुए वोटर आईडी कार्ड को सबूत के तौर पर दिखाया. उन्होंने जिस मॉडल का जिक्र किया था, उसके कई वीडियो सामने आए हैं.
हरियाणा की वोटर लिस्ट में राहुल ने जिस मॉडल का जिक्र किया उसका नाम लारिसा है. लारिसा ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया. उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, ”दोस्तों, मैं आपको एक जोक सुनाने जा रही हूं. क्या वे मेरी पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं? मेरी वह फोटो पुरानी है, मैं तब यंग थी. वे भारत में वोटिंग के लिए मेरी तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं, यह कितना अजीब है.”
कभी भी भारत नहीं आई ब्राजीलियन मॉडल लारिसा
लारिसा ने एक अन्य वीडियो में कहा, ”हेलो इंडिया, मेरा भारतीय राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है और न ही कभी मैं भारत गई. मैं ब्राजील की मॉडल होने के साथ डिजिटल इंफ्लूएंसर हूं. मैं भारत के लोगों से प्यार करती हूं. आप सभी का धन्यवाद.” उन्होंने कहा कि यह वीडियो भारत के लोगों के लिए बनाया है, जिससे पूरा मामला स्पष्ट हो सके.
ब्राजीलियन मॉडल का वोट चोरी पर आ गया जवाब
‘इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट के मुताबिक लारिसा ने वोट चोरी के मामले पर अपनी फोटो इस्तेमाल होने पर कहा, ”मेरे भारतीय फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर आपका स्वागत है! ऐसा लग रहा है कि अब मेरे बहुत सारे भारतीय फॉलोअर्स बढ़ गए हैं. लोग मेरी तस्वीरों पर ऐसे कमेंट कर रहे हैं. मैं यह साफ कर देना चाहती हूं कि वोट देने मैं नहीं गई थी, वहां सिर्फ मेरी फोटो थी.”
Brazilian Model Larissa whose image has been used in Haryana for fake votes reacts to the big expose and irregularities shared by @RahulGandhi today
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) November 5, 2025
बात दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले बुधवार को दावा किया कि कई राज्यों में वोट चोरी करने वालों की नजर अब बिहार पर है. राहुल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे वोट चोरी करके सत्ता हासिल करते हैं.