‘मुसलमान की फेंकी मिट्टी मिसाइल बन जाती है, फिर युद्ध हुआ तो…’, आसिम मुनीर की भारत को एक और गीदड़भभकी



पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर एक बार फिर झूठे दावे करते और पाकिस्तानी सेना को लेकर कसीदे पढ़ते नजर आए हैं. उन्होंने जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय के सामने न सिर्फ अपनी सेना की तारीफों के पुल बांधे, बल्कि उन्होंने भारत को भी गीदड़भभकी दी है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना अल्लाह की फौज है और जब मुसलमान अल्लाह पर भरोसा करता है तो दुश्मन पर फेंकी गई मिट्टी मिसाइल में बदल जाती है. उन्होंने कहा कि अगर फिर से किसी ने पाकिस्तान पर युद्ध थोपा तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा.

पाकिस्तानी अखबार दैनिक जंग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय के सम्मान में आयोजित लंच के दौरान आसिम मुनीर ने भारत के साथ मई में हुए चार दिवसीय संघर्ष का जिक्र किया. आसिम मुनीर ने फिर से 7 से 10 मई तक भारत के साथ हुए संघर्ष में पाकिस्तान की जीत का झूठा दावा करते हुए कहा कि पाकिस्तानी सेना ने भारत के हमलों का मजबूती से मुकाबला किया.

मुनीर ने कहा, ‘भारत के साथ युद्ध में अल्लाह ने हमें अपना सिर ऊंचा रखने में मदद की. जब मुसलमान अपने अल्लाह पर भरोसा करता है तो दुश्मन पर फेंकी गई मिट्टी मिसाइल में बदल जाती है.’ पाक सेना प्रमुख ने कहा, ‘हम अल्लाह के आदेशानुसार अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं. अल्लाह की मदद से ही पाकिस्तान ने अपने दुश्मन का मुकाबला किया. पाकिस्तान की सेना अल्लाह की ही फौज है, हमारे सैनिक अल्लाह के नाम पर दुश्मन से लड़ते हैं.’

आसिम मुनीर ने जॉर्डन के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी जताई है. उन्होंने सैन्य सहयोग बढ़ाने और शांतिपूर्ण क्षेत्र के आपसी दृष्टिकोण को संयुक्त रूप से साकार करने के लिए पाकिस्तान की ओर से सभी कदम उठाने का भरोसा भी दिया. जॉर्डन किंग अब्दुल्ला द्वितीय अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ दो दिन के लिए पाकिस्तान के दौरे पर आए थे. उनके दौरे का मकसद दोनों देशों में रक्षा सहयोग बढ़ाना है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *