इधर वीजा सर्विस सस्पेंड की, उधर कह रहे भारत से रिश्ते सुधर रहे हैं, आखिर यूनुस चाहते क्या हैं?


देश में फैली अशांति और भारत से बिगड़ते रिश्तों के बीच अब बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस संबंधों को सुधारने की कोशिश में हैं. अंतरिम सरकार के वित्त सलाहकार सालेहुद्दीन अहमद का कहना है कि मोहम्मद यूनुस भारत के साथ तनावपूर्ण रिश्तों को सुधारने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहे हैं.

उन्होंने बताया कि यूनुस इस मुद्दे पर अलग-अलग हितधारकों से बातचीत कर रहे हैं और कूटनीतिक संबंधों को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रहे हैं. उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के रिश्ते बेहद बुरे दौर से गुजर रहे हैं. वीजा सर्विस सस्पेंड की जा चुकी है. कई बार दोनों देशों के राजदूतों को तलब भी किया जा चुका है.

राजनीति से अलग रखे जाएंगे आर्थिक हित
सालेहुद्दीन अहमद ने कहा कि सरकार भारत के साथ आर्थिक रिश्तों को मजबूत करना चाहती है और इसके लिए आर्थिक हितों को राजनीतिक बयानबाजी से अलग रखा जाएगा. उनके मुताबिक, बांग्लादेश प्रशासन भारत के साथ व्यापार और आर्थिक सहयोग को व्यावहारिक नजरिए से आगे बढ़ाना चाहता है.

भारत से सीधे बात नहीं, लेकिन संपर्क जारी
जब सालेहुद्दीन अहमद से पूछा गया कि क्या मोहम्मद यूनुस ने भारत से डायरेक्ट बातचीत की है, तो वित्त सलाहकार ने कहा कि यूनुस ने फिलहाल भारतीय पक्ष से सीधे बात नहीं की है, लेकिन इस मामले से जुड़े लोगों से संपर्क में हैं.

भारत से 50 हजार टन चावल खरीदेगा बांग्लादेश
इसी बीच बांग्लादेश सरकार ने भारत से 50,000 टन चावल खरीदने का फैसला किया है. यह फैसला सरकार की खरीद से जुड़ी सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया. सरकारी फैसले के अनुसार बांग्लादेश भारत और पाकिस्तान से कुल 1,00,000 टन चावल खरीदेगा. खाद्य मंत्रालय भारत की कंपनी M/S पट्टाभी एग्रो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से 50,000 टन नॉन-बासमती चावल खरीदेगा, जिसकी कीमत 355.77 डॉलर प्रति टन तय की गई है.

अमेरिका और नाइजीरिया से सोयबीन तेल भी खरीदने की तैयारी
इसके अलावा यूनुस सरकार नाइजीरिया और अमेरिका से कुल 3.75 करोड़ लीटर सोयाबीन तेल खरीदेगी. इसमें 1.25 करोड़ लीटर सोयाबीन तेल अमेरिका से 132.69 टका प्रति लीटर की कीमत पर लिया जाएगा, जबकि शेष तेल नाइजीरिया से 121.32 टका प्रति लीटर की दर से खरीदा जाएगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *