बांग्लादेश में बीते कुछ दिनों से भारत विरोधी बयानबाजी ने दोनों देशों के बीच दूरियां बढ़ा दी है. विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार (31 दिसंबर 2025) को खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ढाका पहुंचे. इस दौरान उन्होंने खालिदा जिया के बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान से मुलाकात की. दोनों देशों के बीच तनाव के दौरान उनकी इस यात्रा को कूटनीतिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.

’एस जयशंकर की यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों के नजरिए से न देखें'

इस बीच बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने कहा है कि भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की ढाका यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों या राजनीति के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि उनकी इस यात्रा से दोनों देशों के बीच तनाव कम हो पाएगा या नहीं ये भविष्य में ही स्पष्ट होगा. मोहम्मद तौहीद ने कहा कि भारतीय विदेश मंत्री सहित सभी दक्षिण एशियाई देशों के प्रतिनिधि खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे.

’एस जयशंकर का बांग्लादेश दौरा अच्छा संकेत'

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर का बांग्लादेश दौरा छोटा था, लेकिन वे पूरे कार्यक्रम में पहुंचे और फिर चले गए. यह एक अच्छा संकेत है. हमें उनके दौरे का इससे ज्यादा कोई अर्थ नहीं निकालना चाहिए. जब मोहम्मद तौहीद से पूछा गया कि क्या एस जयशंकर के साथ कोई निजी बैठक हुई थी तो उन्होंने कहा कि आमने-सामने की चर्चा की कोई गुंजाइश नहीं थी.

’पड़ोसी देशों में भी अच्छी थी खालिदा जिया की छवि'

उन्होंने कहा, ‘वहां एक अन्य विदेशी मेहमान मौजूद थे. पाकिस्तान के स्पीकर भी वहां थे और उन्होंने उनसे हाथ भी मिलाया. ये शिष्टाचार की बातें हैं जिनका पालन सभी करते हैं. उनकी बातचीत के दौरान कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई.’ विदेश मामलों के सलाहकार ने दिवंगत बीएनपी अध्यक्ष खालिदा जिया का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी छवि न केवल बांग्लादेश में बल्कि पड़ोसी देशों में भी अच्छी थी. उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्रीय नेताओं का उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त करने के लिए उपस्थित होना स्वाभाविक था.

बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनाव में तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं. रहमान से मुलाकात के दौरान, जयशंकर ने विश्वास व्यक्त किया कि जिया का दृष्टिकोण और मूल्य दोनों देशों के बीच साझेदारी के विकास का मार्गदर्शन करेंगे. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में कहा, ‘मैंने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र सौंपा. मैंने भारत सरकार और जनता की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की.'

Source link
'तनाव कम होगा या नहीं, ये…', जयशंकर की ढाका यात्रा को लेकर क्या बोली बांग्लादेश सरकार?