Brazil Bus Accident: दक्षिणी ब्राजील में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत, 7 घायल


दक्षिणी ब्राजील में शुक्रवार (2 जनवरी 2026) को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक यात्री बस और रेत से लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. यह दुर्घटना ब्राजील के दक्षिणी राज्य रियो ग्रांडे डो सुल में एक संघीय राजमार्ग पर हुई.

रॉयटर्स के अनुसार यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:30 बजे हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में भरी रेत का एक बड़ा हिस्सा बस के अंदर जा घुसा. इससे बस के भीतर बैठे यात्रियों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया.

बचाव कार्य में आई भारी मुश्किलें

ब्राजील की फेडरल हाईवे पुलिस ने बताया कि ट्रक का माल बस के अंदर भर जाने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. रेत के कारण बस का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे घायलों और मृतकों तक पहुंचने में समय लगा. मौके पर पहुंची आपातकालीन सेवाओं ने कई घंटों की मशक्कत के बाद यात्रियों को बाहर निकाला.

सात लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है. स्थानीय प्रशासन घायलों के इलाज और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए जरूरी कदम उठा रहा है.

हादसे के कारणों की जांच जारी

फेडरल हाईवे पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या सड़क की स्थिति को संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी. पुलिस ने हादसे वाले मार्ग पर यातायात को कुछ समय के लिए बंद कर दिया था.

ये भी पढ़ें: अमेरिका में होने वाला था बड़ा अटैक! FBI ने आतंकी साजिश की नाकाम, जाल बिछाकर ISIS से जुड़े शख्स को दबोचा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *