ट्रंप की नाराजगी दूर करने में जुटीं मचाडो, रूस, चीन और ईरान का जिक्र कर किया बड़ा दावा


वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरिना मचाडो का बयान दुनियाभर में सुर्खियां बटोर रहा है. उन्होंने इस बात के संकेत दिए कि वेनेजुएला में विपक्ष सत्ता संभाल सकता है.  

वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सोमवार (5 जनवरी 2026) को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली. ट्रंप ने शनिवार (3 जनवरी 2026) को  मचाडो के साथ मिलकर काम करने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें देश के भीतर न तो समर्थन प्राप्त है और न ही सम्मान. अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान के बाद मचाडो अब बयान के जरिए उन्हें मानाने में जुट गई हैं.

वेनेजुएला लौटने का सही समय आ गया: मचाडो

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में मचाडो ने कहा कि वह अपना नोबेल शांति पुरस्कार राष्ट्रपति ट्रंप को समर्पित करना चाहती हैं. उन्होंने कहा, ‘जैसे ही मुझे नोबेल पुरस्कार मिलने की जानकारी हुई मैंने इसे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को समर्पित करने का फैसला कर लिया. अमेरिका ने वह कर दिखाया, जिसे दुनिया असंभव मान रही थी.’ उन्होंने कहा कि एक साल से अधिक समय तक छिपने के बाद अब उनके लौटने का सही समय है.

रूस, चीन और ईरान का जिक्र कर ट्रंप को मनाने में जुटीं मचाडो

मचाडो ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सरकार का नेतृत्व करने के लिए अयोग्य हैं. उन्होंने कहा, ‘डेल्सी भ्रष्टाचार और नशीले पदार्थों की तस्करी की मुख्य सूत्रधारों में से एक हैं. वह रूस, चीन और ईरान की काफी करीबी हैं और उन पर इंटरनेशनल इंवेस्टर भरोसा नहीं करते हैं. वेनेजुएला की जनता ने उन्हें नकार दिया है.’

मचाडो ने बताया ट्रंप से आखिरी बार कब हुई बात?

मचाडो को अब अपदस्थ वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का सबसे विश्वसनीय प्रतिद्वंद्वी माना जाता है. वह पिछले महीने नोबेल पुरस्कार स्वीकार करने के लिए नॉर्वे गई थीं और तब से वापस नहीं लौटीं हैं. उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर 2025 को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा हुई थी और उसी दिन उन्होंने ट्रंप से आखिरी बार बात की थी. वेनेजुएला वापस लौटने वाले सवाल पर उन्होंने कहा, ‘मैं जल्द से जल्द घर वापस जाने की योजना बना रही हूं.’

ये भी पढ़ें : आम कैदी की तरह अमेरिकी कोर्ट में पेश हुए निकोलस मादुरो, कहा- मैं अब भी वेनेजुएला का राष्ट्रपति, मुझे किडनैप किया



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *