वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई के बाद वहां की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने डोनाल्ड ट्रंप की मंशा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कि मादक पदार्थों की तस्करी, लोकतंत्र और मानवाधिकारों से संबंधित अमेरिका के सभी आरोप फर्जी थे. डेल्सी ने कहा कि वेनेजुएला पर अमेरिकी दवाब का असली मकसद यहां के तेल भंडार को हासिल करना है.
डेल्सी रोड्रिग्ज ने ट्रंप के दावों को बताया झूठा
वेनेजुएला टेलीविजन वीटीवी पर डेल्सी ने कहा, ‘अमेरिका की नजर हमारे देश के संसाधनों पर है. मादक पदार्थों की तस्करी, लोकतंत्र और मानवाधिकारों के बारे में ट्रंप के सभी झूठे दावे बहाने मात्र थे.’ अमेरिका और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा संबंधों पर उन्होंने कहा, ‘ऊर्जा संबंधों के लिए खुला है जहां सभी पक्षों को लाभ हो. जहां एक-दूसरे का सहयोग समझौते में स्पष्ट रूप से परिभाषित हो.’ इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों में आई दरार को भी स्वीकार किया.
कट्टरपंथी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता: डेल्सी
उन्होंने कहा, ‘अमेरिका का साथ हमारे संबंधों पर ऐसा दाग लग गया है जैसा हमारे इतिहास में पहले कभी नहीं लगा.’ उन्होंने देश में स्थिरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विधेयक की घोषणा की और सभी राजनीति दलों से एक साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया. डेल्सी ने कहा, ‘कट्टरपंथी या फासीवादी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि इनसे इस देश के अस्तित्व के लिए बेहद खतरनाक स्थितियां पैदा हो गई हैं, इसीलिए हमें शांति और अस्तित्व के लिए कार्यक्रम चलाने होंगे.’
‘वेनेजुएला पर कई सालों तक निगरानी रख सकता है यूएस’
एल कूपरेंटे की रिपोर्ट के अनुसार, डेल्सी रोड्रिग्ज की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उस बयान के कुछ घंटों बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि वेनेजुएला एक नए तेल समझौते से प्राप्त राजस्व का उपयोग विशेष रूप से अमेरिका में बनी वस्तुओं को खरीदने के लिए करेगा.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वॉशिंगटन आने वाले कई वर्षों तक वेनेजुएला पर निगरानी बनाए रख सकता है और देश के विशाल तेल भंडार से तेल निकालता रहेगा. यह बयान वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका की भूमिका के लंबे समय तक जारी रहने के संकेत देता है, जिसकी कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं है.