‘हजारों युवाओं ने छोड़ा हिंसा का रास्ता…’, गुवाहाटी पहुंचकर 2020 के बोडो शांति समझौते को लेकर बोले PM मोदी


प्रधानमंत्री मोदी ने गुवाहाटी में कहा कि पहले जहां अशांति और अस्थिरता थी, आज वहां बागुरुम्बा की ऐसी प्रस्तुतियां होने जा रही हैं. उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मैं यह सोचकर भावुक हो रहा हूं कि मेरा असम कितना आगे बढ़ रहा है. एक समय, जहां आए दिन रक्तपात होता था, आज वहीं संस्कृति के अद्भुत रंग सज रहे हैं. एक समय, जहां गोलियों की गूंज थी, आज वहां खाम और सिफुंग की मधुर ध्वनि है. पहले जहां कर्फ्यू का सन्नाटा होता था, आज वहां संगीत के सुर गूंज रहे हैं.’ 

उन्होंने कहा, ‘पहले जहां अशांति और अस्थिरता थी, आज वहां बागुरुम्बा की ऐसी प्रस्तुतियां होने जा रही हैं. ये उपलब्धि सिर्फ असम की नहीं है, पूरे भारत की है. असम के इस बदलाव पर हर देशवासी को गर्व है.’

बोडो शांति समझौते को लेकर क्या बोले पीएम

पीएम मोदी ने कहा, ‘2020 के बोडो शांति समझौते ने वर्षों से चले आ रहे संघर्ष पर विराम लगाया. इस समझौते के बाद भरोसा लौटा और हजारों युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा को अपना लिया. प्रतिभाशाली बोडो युवा आज असम के सांस्कृतिक दूत बन रहे हैं. खेल के क्षेत्र में भी बोडो समाज के बेटे-बेटियां नाम रोशन कर रहे हैं.’

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, ‘जब हम असम की कला, संस्कृति और पहचान का सम्मान करते हैं, तो कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें तकलीफ हो जाती है. असम का सम्मान किस पार्टी के लोगों को अच्छा नहीं लगता, कांग्रेस पार्टी. वो कौन सी पार्टी है, जिसने भूपेन हजारिका जी को भारत रत्न देने का विरोध किया था, कांग्रेस पार्टी. असम में सेमीकंडक्टर यूनिट का विरोध किस पार्टी ने किया था, कांग्रेस के कर्नाटक सरकार के मंत्री ने.’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘असम का आत्मविश्वास, असम का सामर्थ्य और असम की प्रगति से भारत की ग्रोथ स्टोरी को नई शक्ति मिल रही है. आज असम तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है. असम की अर्थव्यवस्था गति पकड़ रही है. इस विकास में, इस बदलाव में बोडोलैंड और यहां के लोग अहम भूमिका निभा रहे हैं.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *