US-Greenland Tensions: ट्रंप की ग्रीनलैंड पर नजर! व्हाइट हाउस ने साझा की पेंगुइन से जुड़ी AI इमेज, जानें पूरा मामला


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप से जुड़े प्रस्तावित टैरिफ को फिलहाल रोक दिया है, लेकिन ग्रीनलैंड को लेकर उनकी दिलचस्पी लगातार बनी हुई है. इसी कड़ी में व्हाइट हाउस ने शनिवार को एक एआई से तैयार की गई तस्वीर साझा की, जिसमें 79 वर्षीय ट्रंप एक पेंगुइन के साथ ग्रीनलैंड की ओर चलते नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर के साथ लिखा गया, Embrace the penguin. इस पोस्ट ने एक बार फिर ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका के इरादों पर अंतरराष्ट्रीय बहस को तेज कर दिया है.

डोनाल्ड ट्रंप बीते कई महीनों से सार्वजनिक रूप से यह कहते आ रहे हैं कि ग्रीनलैंड अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है. इससे पहले उन्होंने डेनमार्क को चेतावनी दी थी कि अगर ग्रीनलैंड को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका सैन्य विकल्पों पर भी विचार कर सकता है. ग्रीनलैंड फिलहाल डेनमार्क के प्रशासन के तहत एक अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र है. ट्रंप के इस बयान के बाद डेनमार्क और उसके कई यूरोपीय सहयोगी देशों ने ग्रीनलैंड में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी थी, जिससे अमेरिका और यूरोप के रिश्तों में तनाव और गहरा गया.

ग्रीनलैंड विवाद से जुड़ा टैरिफ संकट

हालात उस समय और बिगड़ गए जब ट्रंप ने ग्रीनलैंड विवाद को सीधे तौर पर जोड़ते हुए यूरोपीय संघ के सात देशों और यूनाइटेड किंगडम पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी. हालांकि बाद में इन टैरिफ को वापस ले लिया गया. ट्रंप ने यह फैसला स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान नाटो प्रमुख मार्क रुटे के साथ हुई बैठक के बाद लिया. ट्रंप ने दावा किया कि जल्द ही ग्रीनलैंड को लेकर एक ऐसा फ्रेमवर्क सामने लाया जाएगा, जिससे अमेरिका और यूरोप दोनों को फायदा होगा.

AI तस्वीरों से संदेश देने की रणनीति

ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप पहले भी एआई से बनी तस्वीरें साझा कर चुके हैं. हाल ही में उन्होंने एक और एआई इमेज पोस्ट की थी, जिसमें ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा दिखाया गया था. इस तस्वीर में जेडी वेंस और मार्को रुबियो भी नजर आए थे और ट्रंप अमेरिकी झंडा गाड़ते हुए दिखाई दे रहे थे. इसके अलावा ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक और एआई इमेज शेयर की, जिसमें अमेरिका का विस्तारित नक्शा दिखाया गया था, जिसमें ग्रीनलैंड, कनाडा और वेनेजुएला को भी शामिल किया गया था. बताया गया कि यह तस्वीर अगस्त 2025 में यूरोपीय नेताओं के साथ हुई बैठक की असली फोटो को डिजिटल रूप से बदलकर बनाई गई थी.

ग्रीनलैंड के बदले कुछ भी नहीं चुकाने का दावा

ट्रंप ने हाल ही में कहा कि अमेरिका को ग्रीनलैंड के लिए कोई कीमत नहीं चुकानी पड़ेगी. जब उनसे पूछा गया कि वह इस अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र के लिए क्या भुगतान करने को तैयार हैं, तो उन्होंने कहा कि अमेरिका सिर्फ गोल्डन डोम मिसाइल डिफेंस सिस्टम बनाएगा और यही पर्याप्त होगा. ट्रंप के मुताबिक, इस समझौते से अमेरिका को ग्रीनलैंड तक पूरी पहुंच मिलेगी, खासकर सैन्य उद्देश्यों के लिए. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, ‘हमें बिना किसी लागत के सब कुछ मिलेगा, जो हम चाहते हैं.’

यूरोप में बढ़ी चिंता, निवेशकों में अस्थिरता

ट्रंप के लगातार बयानों और टैरिफ की धमकियों से यूरोप में चिंता का माहौल है. बीते सप्ताहांत ट्रंप ने आठ यूरोपीय देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी, जिससे वैश्विक बाजारों में अस्थिरता देखी गई. दावोस में एक घंटे से ज्यादा लंबे भाषण के दौरान भी उन्होंने ग्रीनलैंड मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और बाद में नाटो प्रमुख से मुलाकात कर नए समझौते की बात कही, हालांकि उसके विवरण अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं.

ये भी पढ़ें: US-Venezuela Tensions: ‘हमें जवाब देने के लिए 15 मिनट दिए गए थे, वरना…’, मादुरो की गिरफ्तारी के बाद डेल्सी रोड्रीगेज के दावों पर बवाल





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *