पश्चिम बंगाल में राज्य सभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने 4 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. बाबुल सुप्रियो का नाम भी राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट में शामिल है. इसके अलावा बंगाली एक्ट्रेस कोयल मल्लिक, पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी राजीव कुमार और वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी का नाम सूची में शामिल है.
बंगाल में पांच सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव
बता दें कि देश के 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, 16 मार्च को वोटिंग होगी. इसमें 5 सीटें पश्चिम बंगाल की भी हैं. विधायकों की संख्या के आधार पर तृणमूल कांग्रेस को चार और भाजपा को एक सीट मिलना तय है.
टीएमसी ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी
तृणमूल कांग्रेस के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर राज्यसभा उमीदवारों की सूची जारी की गई है. पार्टी ने पोस्ट में लिखा, ‘आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार (पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी), मेनका गुरुस्वामी और कोएल मल्लिक की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है. हम उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं. आशा है कि वे तृणमूल की अटूट दृढ़ता और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों और गरिमा की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की विरासत को कायम रखेंगे.’
We are pleased to announce the candidature of Babul Supriyo, Rajeev Kumar (Former DGP, West Bengal), Menaka Guruswamy and Koel Mallick for the upcoming Rajya Sabha elections.
We extend our heartfelt congratulations and best wishes to them. May they continue to uphold Trinamool’s…
— All India Trinamool Congress (@AITCofficial) February 27, 2026
क्या है पश्चिम बंगाल की 5 राज्य सभा सीटों का गणित?
पश्चिम बंगाल की 5 राज्य सभा सीटें खाली हुई हैं. नंबर गेम देखें तो यह तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के पक्ष में दिखाई दे रहा है. विधानसभा में ममता बनर्जी की टीएम के 223-225 विधायकों के साथ 5 में से चार सीटों पर जीत दर्ज करना तय माना जा रहा है. वहीं, 64-65 विधायकों वाली बीजेपी को 1 सीट जीतने के लिए जरूरी 49 वोट मिल जाएंगे, जिससे वह पहली बार अपनी ताकत पर राज्यसभा सदस्य भेजने में सक्षम होगी.
बता दें कि इससे पहले इन 5 राज्यसभा सीटों में टीएमसी के पास चार सीटें थीं जबकि एक सीट माकपा (CPI-M) के पास थी. लेकिन इस बार माकपा के हाथ से यह सीट निकलती दिख रही है. इस बार किसी भी गठबंधन की संभावना नहीं है, जिससे टीएमसी को 4 और बीजेपी को 1 सीट मिलना लगभग तय है.