इजरायल की सेना ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें उसका F-35 स्टेल्थ फाइटर जेट तेहरान के ऊपर ईरान के एक विमान को मार गिराते हुए दिख रहा है. यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब इजरायल और ईरान के बीच युद्ध तेज हो गया है. इजरायली सेना के मुताबिक यह उसके F-35 जेट की पहली एयर-टू-एयर लड़ाई में मिली जीत है.
इजरायल ने जारी किया हमले का वीडियो
इजरायली सेना ने 16 सेकंड का एक वीडियो जारी किया है. इसमें Lockheed Martin F-35 Lightning II स्टेल्थ फाइटर जेट को ईरान के Yakovlev Yak-130 विमान को निशाना बनाते हुए दिखाया गया है. वीडियो में हमले के बाद पायलट की आवाज भी सुनाई देती है. पायलट कहता है, ‘मैंने हमला किया, लक्ष्य को मार गिराया गया है, हम हमला जारी रखेंगे.’ यह वीडियो इजरायली एयरफोर्स के आधिकारिक X अकाउंट पर जारी किया गया.
“ביצעתי, המטרה נפלה, נמשיך לתקיפה”: תיעוד ראשון ממטוס ה״אדיר״ (F-35I) מפיל מטוס קרב איראני (YAK-130) מעל שמי טהרן.
חיל-האוויר ממשיך לתקוף עשרות תשתיות של משטר הטרור האיראני וסולל את הדרך ליצירת עליונות אווירית בשמי טהרן. pic.twitter.com/RGUX4x1bFK
— Israeli Air Force (@IAFsite) March 5, 2026
40 साल बाद हुई ऐसी लड़ाई
इजरायल वायुसेना के अनुसार करीब 40 साल बाद पहली बार उसने किसी पायलट वाले विमान के साथ हवा में सीधी लड़ाई की है. इस घटना को इजरायल के लिए एक अहम सैन्य सफलता माना जा रहा है. इजरायल ने एक ऑडियो क्लिप भी जारी की है. इसमें टोमर बार, जो इजरायली वायुसेना के कमांडर हैं, F-35I पायलट से बात करते सुनाई देते हैं.
ऑडियो में कहा गया, ‘तेहरान के आसमान में यह ऐतिहासिक सफलता इजरायली वायुसेना की ताकत और आपकी दृढ़ता दिखाती है. हमें आप पर गर्व है. सुरक्षित लौटिए, अगला मिशन आपका इंतजार कर रहा है.’
ईरान में कई ठिकानों पर हमले का दावा
इजरायली सेना ने गुरुवार को कहा कि उसने ईरान में कई जगहों पर हमले किए. इनमें तेहरान में सुरक्षा कमांड सेंटर और इस्फहान में एक मिसाइल सुविधा शामिल है. इजरायल का कहना है कि तेहरान में एक भूमिगत ठिकाने को भी निशाना बनाया गया जहां बैलिस्टिक मिसाइलें रखी गई थीं. इसके अलावा कई मिसाइल लॉन्च साइट्स को भी नष्ट किया गया.
कैसे शुरू हुआ इजरायल-ईरान युद्ध
मिडिल ईस्ट में यह युद्ध तब शुरू हुआ जब पिछले शनिवार इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया. इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई.इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए.
युद्ध एशिया तक फैला
यह टकराव अब एशिया तक फैल गया है. बुधवार को अमेरिका ने श्रीलंका के तट के पास ईरान के युद्धपोत IRIS Dena को डुबो दिया. इस हमले में करीब 80 लोगों की मौत हुई. यह वही जहाज था जो कुछ समय पहले भारत की दोस्ताना यात्रा पर आया था.