‘सऊदी के एयरबेस पर अमेरिका के AWACS एयरक्राफ्ट को मार गिराया’, ईरान का एक और बड़ा दावा


मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और तनाव के बीच ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर अमेरिका के AWACS एयरक्राफ्ट का मार गिराने का दावा किया है. ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने रविवार (29 मार्च, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में एयरक्राफ्ट को मार गिराने से पहले और बाद की तस्वीरों को साझा किया. इसके अलावा, एक अन्य तस्वीर में AWACS एयरक्राफ्ट का पिछला हिस्सा पूरी तरह से टूटा हुआ नजर आ रहा है.

ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘अमेरिका के AWACS एयरक्राफ्ट के तबाह होने के बाद जारी की गई तस्वीरों से यह साफ दिखाई देता है कि अमेरिकियों की ओर से किए जा रहे कथित दावों के उलट उनके एयर डिफेंस सिस्टम्स उनके सबसे महत्वपूर्ण सैन्य संसाधनों की सुरक्षा करने तक में सक्षम नहीं है.’

एक दिन पहले ईरान ने अमेरिकी F-16 को मार गिराने का किया था दावा

सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर अमेरिकी AWACS एयरक्राफ्ट को तबाह करने का दावे से एक दिन पहले यानी शनिवार (28 मार्च, 2026) को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी वायु सेना का एक F-16 लड़ाकू विमान मार गिराने का दावा किया था. IRGC ने कहा कि ईरान ने अमेरिका के एक और F-16 लड़ाकू विमान को जंग के मैदान में मार गिराया है.  

हालांकि, अमेरिका के सेंट्रल कमांड सेंटकॉम (CENTCOM) ने ईरान की सेना की ओर से किए जा रहे दावे को सिरे से खारिज करते हुए झूठ करार दिया है. सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिका का किसी भी लड़ाकू विमान को ईरान ने जंग के मैदान में नहीं गिराया है.

ईरान ने पहले भी US और इजरायली लड़ाकू विमानों को लेकर किया है दावा

28 फरवरी, 2026 से अमेरिका और इजरायल के साथ मिडिल ईस्ट में शुरू हुई जंग के बाद ईरान की ओर से अब तक कई बार अमेरिकी और इजरायली विमानों को मार गिराने का दावा किया जा चुका है. फार न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने 22 मार्च, 2026 को दावा किया कि एक अमेरिकी एफ-15 लड़ाकू विमान को ईरानी एयर डिफेंस फोर्स के सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों के जरिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के नजदीक देश के दक्षिणी तट पर निशाना बनाया गया है.

इसके अलावा, ईरान ने अमेरिका के अत्याधुनिक पांचवीं पीढ़ी के एफ-35 लड़ाकू विमान, F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के साथ अमेरिकी थाड रडार सिस्टम को भी तबाह करने का दावा किया. हालांकि, ईरान की ओर से अमेरिका को नुकसान पहुंचाए जाने वाले किसी भी दावे को अमेरिकी सेंट्रल कमांड सेंटकॉम सिरे से खारिज कर रही है और ईरान के सभी दावों को झूठा बता रही है.

यह भी पढ़ेंः जापान में 48 F-35 फाइटर जेट्स तैनात करेगा अमेरिका, ईरान युद्ध के बीच बड़ा फैसला, चीन-रूस-उत्तर कोरिया की बढ़ी टेंशन!





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *