अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जंग के बीच बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि ईरान के ‘नए राष्ट्रपति’ ने उनसे संपर्क किया है और सीजफायर की घोषणा करने की गुजारिश की है. हालांकि ट्रंप ने सीजफायर के लिए अपनी शर्त रखी है.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रूथ सोशल पर लिखा, ‘ईरान के नए शासन के राष्ट्रपति जो पहले वालों की तुलना में कहीं कम कट्टर और कहीं अधिक बुद्धिमान हैं, उन्होंने अभी-अभी संयुक्त राज्य अमेरिका से सीजफायर के लिए अपील की है.’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सीजफायर की अपनी शर्त बताते हुए कहा कि हम इस पर तभी सोच-विचार करेंगे, जब होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से खुला, स्वतंत्र और सुरक्षित हो जाएगा. तब तक हम ईरान को तबाह करते रहेंगे या फिर जैसा कहा जाता है कि हम उसे वापस ‘पाषाण युग’ में धकेल देंगे.’
ईरान ने खारिज किया ट्रंप का दावा
जैसे ही ट्रंप ने दावा किया, वैसे ही ईरान की ओर से इसको खारिज कर दिया गया. अलजजीरा के मुताबिक, ईरान रिवोल्यूशनी गार्ड कोर्प्स (IRGC) ने ट्रंप के दावे पर कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के बेतुके बयान और कार्यशैली से होर्मुज स्ट्रेट नहीं खुलेगा. IRGC ने कहा, ‘होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति पूरी तरह से उसके नियंत्रण में है और अमेरिकी राष्ट्रपति के बेतुके प्रदर्शनों से इसे देश के दुश्मनों के लिए नहीं खोला जाएगा.’
ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि वो 2-3 हफ्तों में ईरान के खिलाफ युद्ध को खत्म कर देंगे. उसके बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के नए राष्ट्रपति ने सीजफायर की मांग की है. हालांकि ट्रंप ने साफ नहीं किया है कि वो नई रिजीम में राष्ट्रपति किसे कह रहे हैं.
ट्रंप का दावा- ईरान में हम सत्ता परिवर्तन कर चुके
ट्रंप ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में बताया कि वो अगले कुछ ही दिनों में ईरान छोड़ देंगे. उन्होंने ईरान के यूरेनियम संवर्द्धन पर कहा कि उसके बारे में हमें ज्यादा फिक्र नहीं है क्योंकि हम उस पर सैटेलाइट से भी निगाह रख सकते हैं. इसके अलावा ट्रंप ने यूरोप को लेकर बड़ी बात कही है. उन्होंने कहा कि अमेरिका नाटो से बाहर करने के लिए गंभीरता से विचार कर रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि ईरान के पास परमाणु बम नहीं रहेगा और न ही अब वो परमाणु हथियार रखना चाहते हैं.