Middle East War: चारों तरफ तबाही और मोर्चे पर आग उगलते विस्फोटक विमान के सामने ईरान अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार है. ईरान पर अमेरिका और इजरायल ने ताबड़तोड़ हमले किए, तो एक वक्त लगा कि ईरान सरेंडर कर देगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ईरान ने अपने किफायती ड्रोन और लक्षित मिसाइल हमलों से अमेरिका-इजरायल समेत पूरे मिडिल ईस्ट में मौजूद खाड़ी देशों को हैरानी में डाल दिया.
इधर, अमेरिका और ईरान में समझौते की बात भी छिड़ी लेकिन किसी तरह की कोई बात नहीं बनी. फिलहाल जंग के हालात तेजी से बदल रहे हैं. इस जंग में अपने सुप्रीम लीडर समेत कई बड़े नेताओं को खो चुका ईरान अभी भी एक जिंदा टाइगर की तरह मोर्चे पर युद्ध लड़ रहा है.
ईरान को काफी नुकसान, बुशहर प्रांत पर ड्रोन हमला
शुक्रवार को भी ईरान पर हमला हुआ है. इसमें उसको काफी नुकसान पहुंचा है. ईरानी रेड क्रिसेंट ने बताया है कि बुशहर प्रांत में उनके गोदाम पर ड्रोन हमला हुआ है. इसमें दो रिलीफ कंटेनर, दो बसें और एक एम्बुलेंस नष्ट हो गए हैं. यह हमला आज सुबह हुआ है.
इजरायल ने दागी ईरान पर मिसाइल
इसके अलावा इजरायल ने ईरान पर एक मिसाइल हमला भी किया है. इसमें उसने हाइफा के किर्यात अता में तबाही मचा दी है. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि ईरान में हेल्थ केयर फैसिलिटीज पर 20 से ज्यादा हमले हुए हैं, जिसमें अब तक नौ लोगों की मौत हुई है.
मिडिल ईस्ट में जंग की आग और ज्यादा भड़क सकती है. ईरानी मीडिया के मुताबिक अमेरिका और ईरान में अब बातचीत पूरी तरह से बंद हो गई है. तेल अवीव इलाके में हमलों की वजह से लगातार सायरन बज रहे हैं. अमेरिका-इजरायल ने ईरान के इस्फाह में घातक अटैक कर दिया है.
ईरान ने किया अमेरिकी जहाज मार गिराने का दावा
ईरान ने एक और अमेरिकी जहाज को मार गिराने का दावा किया है. आईआरजीसी ने कहा है कि उसने अमेरिका के F-35 फाइटर जेट को तबाह कर दिया है.
इजरायल ने लेबनान को जारी की चेतावनी?
इधर, इजरायल ने लेबनान के लिए चेतावनी जारी करते हुए 9 इलाके खाली करने को कहा है. लेबनान के दक्षिणी शहरों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. इसमें हेरत ह्रेक, घोबेरी, लायलाकी, हदाथ, बोरज अल-ब्राजनेह, ताव्हिदात अल-गदिर और शियाह को शामिल किया गया है.
ईरान अमेरिका लगातार एक दूसरे पर अटैक कर रहे हैं
बहरीन में भी कई धमाकों की आवाजें सुनाई दी है. अमेरिका और ईरान लगातार एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं. इजरायल को भी भारी नुकसान हुआ है. कुवैत की सबसे बड़ी और पुरानी तेल रिफाइनरी मीना अल-अहमदी पर ड्रोन अटैक हुआ है. इसकी वजह से आग लग गई है.
ईरान ने इजरायल पर दागी मिसाइलें
ईरान ने इजरायल पर मिसाइल से अटैक कर दिया है, जिसकी वजह से दो लोगों की मौत हो गई. मिसाइल सीधे एक बिल्डिंग पर जाकर गिरी. ईरान ने यह अटैक तेल अवीव के पूर्व में स्थित रामत गन में किया है. अटैक की वजह से कई लोग घायल भी हुए हैं. ईरान के ड्रोन अटैक की वजह से इराक में भयंकर आग फैल गई है. अहम बात यह है कि इसकी वजह से तेल रिफाइनरी को भी काफी नुकसान पहुंचा है.
ईरान को लेकर अहम जानकारी भी देखने को मिली है. CNN के मुताबिक, ईरान के पास अभी भी लगभग आधी मिसाइल का स्टॉक बचा हुआ है. उसके हजारों ड्रोन एक्टिव हैं. यह अमेरिका और इजरायल के लिए घातक हो सकते हैं.
ईरान हिट लिस्ट में खाड़ी देशों के आठ पुल, बी-1 की जवाबी कार्रवाई का सिग्नल
ईरान ने खाड़ी और जॉर्डन के इलाकों के आठ पूलों की लिस्ट जारी की है. यह लिस्ट कराज के पास एक पुल पर हुए हमले के बाद संभावित जवाबी हमलों के लक्ष्यों की सिग्नल दे रही है. इस लिस्ट को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से करीबी तौर पर कनेक्टेड अर्ध सरकारी संस्था फार्स न्यूज एजेंसी ने जारी की है. अमेरिका ने कारज के पास B1 पुल के कुछ हिस्सों को तबाह कर दिया. अमेरिका ने पहली बार इस युद्ध में किसी नागरिक ढांचे को निशाना बनाया है. इसमें आठ लोग मारे गए हैं. साथ 95 अन्य घायल हुए हैं.
ईरान बी-1 पुल पर हुए हमले के बाद से कुवैत, सऊदी अरब, यूएई और जॉर्डन के कई पुलों पर जवाबी कार्रवाई के लिए हिट लिस्ट में जोड़ा है. इन पुलों में कुवैत का शेख जाबेर अल-अहमद अल-सबाह पुल, सऊदी अरब और बहरीन को जोड़ने वाला किंग फहद कॉजवे, UAE के शेख जायेद पुल और अल मक्ता पुल, साथ ही जॉर्डन के किंग हुसैन पुल, दामिया पुल, शेख खलीफा पुल और अब्दौन पुल शामिल हैं.
ट्रंप के पुल हमले के वीडियो के जवाब में ईरान बोला- यह दुश्मन की हार को दिखाता है
इससे पहले सोशल मीडिया पर डोनाल्ड ट्रंप ने बी-1 पुल पर हमले का वीडियो जारी करते हुए कहा था कि अभी तक ईरान में बची हुई चीजों को नष्ट करना शुरू भी नहीं किया है. अब पुलों की बारी है. फिर बिजली संयंत्रों की बारी है.
इसके बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने इस हमले की कड़ी आलोचना करते हुए कहा था कि नागरिक ढांचों, जिनमें अधूरे पुल भी शामिल हैं, पर हमला करने से ईरानी लोग हार नहीं मानेंगे. उन्होंने कहा कि ये एक तितर-बितर हो चुके दुश्मन और उनकी हार को दिखाता है.
यह भी पढ़ें: ‘सिर्फ अमेरिकी धरती पर जन्म नागरिकता का आधार नहीं’, ट्रंप सरकार ने SC में क्या कहा जिसने बढ़ा भी इंडियंस की टेंशन?