ईरान ने पाकिस्तान में बातचीत से किया था इनकार, अब आई अराघची की सफाई, इशाक डार ने कहा- THANK YOU भाई


मिडिल ईस्ट में जारी जंग अब धीरे-धीरे और भयावह होता जा रहा है, जो दुनिया को और ज्यादा प्रभावित करने वाला है. इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार (4 अप्रैल 2026) को युद्ध के अंत होने की शर्तों को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान ने मध्यस्थता वार्ता के लिए पाकिस्तान जाने से कभी इनकार नहीं किया है, लेकिन जंग का एक निश्चित समाधान होना चाहिए.

हमने पाकिस्तान जाने से इनकार नहीं किया: अराघची

अब्बास अराघची ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘ईरान के रुख को अमेरिकी मीडिया की ओर से गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. मध्यस्थता वार्ता के लिए हम पाकिस्तान के प्रयासों के लिए उनके आभारी हैं और हमने इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया है. हमारी चिंता तो उस अवैध युद्ध के निर्णायक और स्थायी अंत की शर्तों को लेकर है, जो हम पर थोपा गया है.’

ईरान को लेकर पाकिस्तानी मीडिया का दावा

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अमेरिका की मीडिया पर ईरान की स्थिति को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगा रहे हैं. पाकिस्तानी अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने 3 अप्रैल 2026 को सबसे पहले इशाक डार से पत्रकारों की ब्रीफिंग के बाद सरकारी सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि अमेरिका बात करने के लिए तैयार था, लेकिन ईरान ने आखिरी मौके पर इस्लामाबाद आने से मना कर दिया. द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के बाद अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इसी तरह की खबर पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले से प्रकाशित की थी.

अराघची के पोस्ट पर इशाक डार का रिएक्शन

दोनों रिपोर्टों को बाद में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने खारिज कर दिया था और कहा कि इशाक डार के ब्रीफिंग में बताए गए तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया. अराघची के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने इशाक डार ने लिखा, ‘आपकी स्पष्टीकरण के लिए मैं सचमुच आभारी हूं, मेरे प्रिय भाई.’

अराघची का बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान ने गुरुवार (2 अप्रैल 2026) को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के स्थायी समाधान के लिए अमेरिका और ईरान के बीच सार्थक वार्ता की मेजबानी और सुविधा प्रदान करना उसके लिए सम्मान की बात होगी. PAK विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए चीन और पाकिस्तान की ओर से प्रस्तावित पांच सूत्रीय पहल विदेश मंत्री इशाक डार की बीजिंग यात्रा का एक प्रमुख परिणाम था और इस पहल का व्यापक रूप से स्वागत किया गया है.

सीजफायर के प्रस्ताव को ईरान ने ठुकराया

डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार दावा किया है कि ईरान में सत्ता बदल गई है और वहां की मौजूदा सरकार अमेरिका के प्रस्ताव को मानने के लिए तैयार है. दूसरी तरफ तेहरान ने अमेरिका के सभी दावों को खारिज किया और साफ किया कि वह जंग लड़ेगा. ईरान ने अमेरिका के 48 घंटे के सीजफायर के प्रस्ताव को औपचारिक रूप से ठुकरा दिया. फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक यूएस ने बुधवार (1 अप्रैल 2026) को मध्यस्थता देश के जरिए प्रस्ताव भेजा था.

ये भी पढ़ें : होर्मुज में नया रास्ता खुला! युद्ध के बीच जहाजों को मिला ‘सेफ पैसेज’, अब क्या करेगा ईरान?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *