देशभर में आंधी-बारिश का कहर, दिल्ली-यूपी से लेकर दक्षिण भारत तक चेतावनी जारी, IMD ने जारी किया अलर्ट


पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के चलते देशभर में मौसम अचानक से काफी बदल गया है. राजधानी दिल्ली के अलावा यूपी, पंजाब, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश देखने को मिली. इसके अलावा ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों का काफी नुकसान हुआ है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा. IMD के मुताबिक आज 5 अप्रैल को भी जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. 

किन-किन राज्यों के लिए चेतावनी
7 और 8 अप्रैल को मौसम एक बार फिर से खराब हो सकता है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 8 अप्रैल को बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गरज के साथ बारिश होने और ओले गिरने की संभावना है. केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में 5 से 8 अप्रैल के बीच बारिश होने की संभावना है. 

दिल्ली का मौसम
दिल्ली में भी आंधी-बारिश ने जमकर कहर बरपाया. मौसम विभाग के अनुसार 5-7 अप्रैल के बीच मौसम बदलता रहेगा. आज शाम के समय हल्की बारिश के साथ बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

यूपी में आंधी बारिश का कहर
यूपी में आंधी, बारिश का दौर बीते 48 घंटों से जारी है. इस बीच फिर मौसम विभाग ने फिर से ताजा अपडेट दिया है, जिसके मुताबिक रविवार (5 अप्रैल) को प्रदेश में कहीं बादलों की आवाजाही तो कहीं धूप खिली रहेगी. मौसम विभाग का अनुमान है अगले 48 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग शहरों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कि कमी आएगी.

लखनऊ मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, 5 अप्रैल को यूपी के पूर्वी संभाग के कई जिलों में काले बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से तेज हवाओं का दौर भी 20 जिलों में देखने को मिल सकता है. आज पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा. वहीं 6 अप्रैल को मौसम विभाग ने सभी 75 जिलों को ग्रीन जोन में रखा है. 7 अप्रैल से फिर प्रदेश में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी.

बिहार में कब-कब बारिश
IMD ने संभावना जताई है कि बिहार में 5,6 और 9 अप्रैल को गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हो सकती है जबकि 7 और 8 अप्रैल को आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि भी होने की संभावना है. इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.

ये भी पढ़ें 

सांप्रदायिक दल से गठबंधन पर मौलाना बदरुद्दीन अजमल कासमी को जमीयत उलेमा-ए-हिंद का नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *