‘बांग्लादेश के साथ रिश्ते फिर से मजबूत करना चाहता है भारत’, तारिक रहमान से मिले भारतीय उच्चायुक्त


भारत बांग्लादेश के साथ ‘भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण’ अपनाते हुए संबंधों को फिर से मजबूत करने के लिए तैयार है. भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने सोमवार (6 अप्रैल, 2026) को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की और यह संदेश दिया.

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब भारत और बांग्लादेश फरवरी में हुए संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की जीत के परिणामस्वरूप तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद द्विपक्षीय संबंधों को फिर से मजबूत करने के प्रयास कर रहे हैं. इससे पहले, मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान दोनों देशों के रिश्तों में काफी तनाव आ गया था.

भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान प्रणय वर्मा और तारिक रहमान ने दोनों देशों की राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में जन-केंद्रित सहयोग पर ध्यान देते हुए द्विपक्षीय सहभागिता पर चर्चा की.

भारतीय उच्चायुक्त ने यह भी कहा कि भारत सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण अपनाते हुए और परस्पर हित और परस्पर लाभ के आधार पर बांग्लादेश की सरकार और जनता के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है.

सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि प्रणय वर्मा ने यहां बांग्लादेश सचिवालय स्थित कैबिनेट डिवीजन कार्यालय में रहमान से शिष्टाचार भेंट की. हालांकि इस बारे में तत्काल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई. हालांकि, बैठक के बारे में जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि राजदूत ने रहमान से कहा कि भारत और बांग्लादेश को अपनी भौगोलिक निकटता को मजबूत अर्थव्यवस्था, कनेक्टिविटी और सांस्कृतिक एवं लोगों के आदान-प्रदान को बढ़ाकर नए अवसरों में बदलना चाहिए.

बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान, प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर और बांग्लादेश में भारतीय उप उच्चायुक्त पवन बधे सहित कई गणमान्य व्यक्ति बैठक में उपस्थित थे. उच्चायुक्त की यह मुलाकात बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान की नयी दिल्ली यात्रा से एक दिन पहले हुई, जहां उनकी अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात किये जाने की संभावना है.

12 फरवरी को हुए चुनाव में रहमान की बीएनपी के सत्ता में आने के बाद से भारत ने ढाका के साथ संबंध फिर से मजबूत करने की इच्छा जताई है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 17 फरवरी को नव निर्वाचित बीएनपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय सरकार का प्रतिनिधित्व किया था और अपने साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पत्र लेकर आए थे.

प्रधानमंत्री नरेंद्प मोदी ने अपने पत्र में लिखा था, ‘मैं इस अवसर पर आपको, डॉ. जुबैदा रहमान और आपकी बेटी ज़ैमा को आपसी सहमति से सुविधाजनक समय पर भारत यात्रा के लिए आमंत्रित करता हूं. भारत में आपका हार्दिक स्वागत है.’

 

यह भी पढ़ें:-
ईरान ने पाकिस्तान के सीजफायर प्रस्ताव को ठुकराया, कहा- बिचौलियों के जरिए भेजे गए…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *