NEET पेपर लीक: NTA में हुआ बड़ा प्रशासनिक बदलाव, नए जॉइंट सेक्रेटरी और जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति


नीट पेपर लीक विवाद के बीच केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में प्रशासनिक स्तर पर अहम नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है. कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने दो जॉइंट सेक्रेटरी और दो जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति को स्वीकृति दे दी है. सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अनुजा बापट और रुचिता विज को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है. वहीं, आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगड़िया को संयुक्त निदेशक के पद पर नियुक्ति मिली है.

NTA की प्रशासनिक बदलाव

इन नियुक्तियों को NTA की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. हाल के समय में परीक्षा प्रणाली और एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर बढ़ी चुनौतियों के बीच यह फेरबदल अहम माना जा रहा है. सरकारी आदेश के अनुसार भारतीय सांख्यिकी सेवा (Indian Statistical Service) की 1998 बैच की अधिकारी अनुजा बापट और भारतीय राजस्व सेवा की 2004 बैच की अधिकारी रुचिता विज पांच साल के लिए एनटीए में संयुक्त सचिव होंगी. इसके लिए खाली पड़े डिप्टी सेक्रेटरी स्तर के पदों को अस्थाई रूप से अपग्रेड किया गया है.

शिक्षा मंत्री ने की थी एनटीए में बदलाव की बात 

केंद्र सरकार के आदेश में कहा कि भारतीय राजस्व सेवा (इनकम टैक्स) के अधिकारी आकाश जैन और भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा के अधिकारी आदित्य राजेंद्र भोजगड़िया को एनटीए में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार (15 मई 2026) को माना था कि एनटीए में और सुधार की जरूरत है. उन्होंने कहा, ‘हमें सुधारों के लिए कई सुझाव मिले हैं. सुधार एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है. NTA बिना किसी गलती के (Zero-Error) काम करे, यह हमारी जिम्मेदारी है.’

कोर्ट ने आरोपी को सीबीआई हिरासत में भेजा

इस साल 3 मई को 22 लाख से ज्यादा छात्रों ने NEET-UG की परीक्षा दी थी, जिसे पेपर लीक के आरोपों के बाद इसी हफ्ते रद्द कर दिया गया था. सीबीआई ने नीट-यूजी पेपर लीक होने के प्रकरण में मामला दर्ज कर जांच के लिए टीम गठित की हैं. दिल्ली की एक अदालत ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के कथित सरगना पी वी कुलकर्णी और एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे को शनिवार को 10 दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेज दिया.

ये भी पढ़ें :  ’22 लाख बच्चों के साथ धोखा’, NEET केस पर बोले राहुल गांधी, PM से की धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *