- भारत-पाक सीमा से तस्करी का मकसद देश में अस्थिरता फैलाना।
भारत में हथियार, गोला-बारूद और IED की तस्करी से जुड़ी बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. इसी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार (29 मई, 2026) को चार राज्यों में बड़े स्तर पर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया है.
NIA ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में कुल 12 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया. इनमें उत्तर प्रदेश में 4, राजस्थान में 2, बिहार में 2 और महाराष्ट्र में तीन ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन किया गया. इस दौरान कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं, जिनकी अब फॉरेंसिक जांच की जाएगी, ताकि पूरे आतंकी नेटवर्क और साजिश का पता लगाया जा सके.
स्पेशल ऑपरेशन सेल ने अमृतसर से आरोपी को किया था गिरफ्तार
ये मामला इसी साल फरवरी में सामने आया था, जब पंजाब के अमृतसर में स्पेशल ऑपरेशन सेल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. आरोपी के पास से मेटल केस में रखा IED, रिमोट कंट्रोल सेट, एक मोबाइल फोन, विदेशी .30 बोर पिस्टल, मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे.
इसके बाद पंजाब पुलिस ने BNS, UAPA, आर्म्स एक्ट, एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट और NDPS एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया था. बाद में NIA ने जांच अपने हाथ में ले ली.
एनआईए की जांच में क्या हुआ खुलासा?
जांच में सामने आया कि भारत-पाकिस्तान सीमा के पार से हथियार और IED की तस्करी का मकसद पंजाब, दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में धमाके कर बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान पहुंचाना और देश की शांति व स्थिरता को बिगाड़ना था.
NIA की जांच में ये भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी देश के अलग-अलग हिस्सों में कई लोगों के संपर्क में था और आतंक, आगजनी के साथ हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी. फिलहाल, NIA इस साजिश में शामिल दूसरे भारतीय और विदेशी नेटवर्क की पहचान करने में जुटी है. एजेंसी का मानना है कि ये एक बड़ा क्रॉस-बॉर्डर टेरर मॉड्यूल हो सकता है, जिसकी कड़ियां कई राज्यों और सीमा पार मौजूद तत्वों से जुड़ी हो सकती है.
यह भी पढ़ेंः 20 लाख के शेयर, दहेज प्रताड़ना, प्रेग्नेंसी… ट्विशा शर्मा परिवार के गंभीर आरोप, इन प्वाइंट्स पर CBI कर रही फोकस