G7 शिखर सम्मेलन का आयोजन फ्रांस के एवियान शहर में हो रहा है. 15-17 जून तक फ्रांस का यह शहर वैश्विक नेताओं का स्वागत करेगा और दुनिया के महत्वपूर्ण मुद्दों पर इसी शहर में चर्चा होगी. एवियान के बारे में बहुत से लोग जानते होंगे लेकिन शायद कुछ लोग इस शहर से परिचित ना हों. आइए हम आपको फ्रांस के एवियान शहर के बारे में सब कुछ बताते हैं.
G7 शिखर सम्मेलन का मेजबान बना है, फ्रांस का खूबसूरत शहर एवियान, जो कि प्राकृतिक सौंदर्य और आर्थिक समृद्धि का अनूठा संगम है. दुनिया की 7 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के समूह G7 का 52वां शिखर सम्मेलन इस वर्ष फ्रांस के खूबसूरत शहर एवियान (Évian) में आयोजित किया जा रहा है. फ्रांस के दक्षिण-पूर्व में स्थित यह शहर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विश्वप्रसिद्ध खनिज जल और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के लिए जाना जाता है.
G7 जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के लिए इसका चयन आर्थिक विकास, पर्यावरणीय संतुलन और क्षेत्रीय पहचान के प्रति फ्रांस की प्रतिबद्धता को भी दिखाता है और शायद पर्यावरण को लेकर एक बड़ा संदेश फ्रांस देना चाहता है. एवियान फ्रांस के हाउत-सावोआ (Haute-Savoie) विभाग में, फ्रांसीसी आल्प्स के उत्तरी भाग में स्थित है. यह यूरोप की सबसे बड़ी झील लेक जिनेवा (Lake Geneva) के तट पर बसा है और इसकी ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 372 से 725 मीटर तक है.
यूरोप के आधुनिक और पर्यटन स्थलों में शामिल
एक तरफ जहां लेक जिनेवा और दूसरी ओर शाब्ले आल्प्स की पर्वत श्रृंखलाएं इसे यूरोप के आधुनिक और पारंपरिक पर्यटन स्थलों में शामिल करती हैं. एवियान की वैश्विक पहचान उसके प्राकृतिक खनिज जल से जुड़ी है. वर्ष 1790 से इसके औषधीय और स्वास्थ्यवर्धक गुणों की जानकारी मिलने के बाद यह शहर स्वास्थ्य पर्यटन और स्पा संस्कृति का प्रमुख केंद्र बन गया.
आज भी यह शुद्ध खनिज जल, विश्वस्तरीय स्पा, रिसॉर्ट और पर्यटन सुविधाओं के लिए प्रसिद्ध है, जबकि इस शहर के प्राकृतिक और हरित स्वरूप का संरक्षण भी किया गया है. करीब 9 हजार से अधिक आबादी वाला एवियान आकार में छोटा होने के बावजूद स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन प्रबंधन और उच्च जीवन-स्तर के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है.
4 महत्वपूर्ण पर्वत श्रृंखलाएं
इस शहर से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन प्रबंधन के तौर तरीक़ों को सीखा जा सकता है. यही वजह है कि यह बड़े वैश्विक आयोजनों के लिए उपयोगी माना जाता है. एवियान जिस हाउत-सावोआ विभाग का हिस्सा है, वह फ्रांस के सबसे समृद्ध और आकर्षक क्षेत्रों में गिना जाता है. यहां लेक जिनेवा और लेक एनेसी जैसी प्रमुख झीलें तथा मों ब्लां (Mont Blanc) सहित 4 महत्वपूर्ण पर्वत श्रृंखलाएं हैं. पश्चिमी यूरोप की सबसे ऊंची चोटी मों ब्लां के कारण यह क्षेत्र पर्वतारोहण, स्कीइंग और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है.
हाउत-सावोआ की अर्थव्यवस्था पर्यटन के साथ-साथ कृषि और इनोवेटिव उद्योगों पर भी आधारित है. इस विभाग के लगभग एक-तिहाई भू-भाग पर कृषि होती है. इन क्षेत्रों के संतुलित विकास ने इसे फ्रांस के सबसे गतिशील आर्थिक क्षेत्रों में शामिल किया है. आपको बता दें कि इनोवेशन के क्षेत्र में भारत और फ्रांस साथ मिलकर बड़े पैमाने पर काम भी कर रहे हैं.
किन-किन मुद्दों पर होगी चर्चा
हाउत-सावोआ की जनसंख्या लगभग 8.61 लाख है. साल 1990 के बाद से यहां की आबादी में करीब 10 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है. G7 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के साथ एवियान एक बार फिर वैश्विक सुर्खियों में है. दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता यहां वैश्विक अर्थव्यवस्था, भू-राजनीतिक चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और विकास सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
विशेषज्ञों के अनुसार, एवियान का चयन उसकी सुंदरता के साथ-साथ सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक सहयोग के प्रतीक के रूप में भी किया गया है. प्राकृतिक सौंदर्य, आर्थिक समृद्धि और वैश्विक कूटनीति का यह संगम आज दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है.
ये भी पढ़ें