बंगाल में सालों तक एकछत्र राज करने वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) को अब अपना अस्तित्व बचाना पड़ रहा है. कई नेताओं ने ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर मनमानी चलाने का आरोप लगाते हुए टीएमसी छोड़ दी है. ऐसे में अब पार्टी के दिग्गज सांसद सुदीप बंदोपाध्याय भी बागी हो गए हैं. लोकसभा में पार्टी के नेता और 6 बार के सांसद सुदीप ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की. इस घटना को लेकर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने उन पर जमकर निशाना साधा.
महुआ ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनका मुखौटा और विग दोनों उतर गए हैं. सुदीप बंदोपाध्याय ने हमसे कहा था कि पेट खराब होने की वजह से वह कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन अचानक हमने उन्हें टीवी पर दिल्ली में भूपेंद्र यादव के घर पर देखा. उन्होंने आगे कहा कि दादा कृपया अपना ट्विटर हैंडल बदलकर कम से कम @SudipBJPBTeam कर लीजिए. हमारा नाम इस्तेमाल करना बंद करिए.
भूपेंद्र यादव से मुलाकात के दौरान उनके साथ बीरभूम की सांसद शताब्दी रॉय भी मौजूद थीं, जो पहले ही बागी गुट को अपना समर्थन दे चुकी हैं. सुदीप बंदोपाध्याय के पाला बदलने से लोकसभा में टीएमसी के बागी सांसदों की संख्या अब 20 हो गई है. 20 सांसदों के बागी हो जाने के बाद ममता बनर्जी के प्रति वफादार सांसदों की संख्या घटकर महज 8 रह गई है.
His mask & his wig both come off – @SudipBAITC told us he was in Apollo Kolkata with a tummy bug when we suddenly saw him on tv in Delhi in Bhupinder Yadav home. Dada pls change your X handle to @SudipBJPBTeam at least. Dont’ use our name.
— Mahua Moitra (@MahuaMoitra) June 13, 2026
ममता गुट में अब कौन-कौन बचा
बता दें कि ममता गुट में अब केवल अभिषेक बनर्जी, कल्याण बनर्जी, सौगत रॉय, महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे गिने-चुने प्रमुख चेहरे ही बचे हैं. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब बागी सांसद सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर संसद में खुद को एक स्वतंत्र गुट के रूप में मान्यता देने और NDA सरकार को समर्थन देने का दावा पेश करने वाले हैं.
पत्नी भी बदलेंगी पाला
सुदीप बंदोपाध्याय की पत्नी और चौरंगी सीट से टीएमसी विधायक नैना बंदोपाध्याय के भी बागी विधायकों के गुट में शामिल होने की पूरी संभावना है. टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने जिन लोगों को हमेशा बड़े पदों से नवाजा, आज वही लोग उनके खिलाफ खड़े हो गए हैं.
ये भी पढ़ें
‘मेरी मां को लेकर लगाए गए आरोप झूठे’, काकोली घोष के बेटे ने ममता बनर्जी पर लगाए ये आरोप