देशभर में मोबाइल फोन पर इमरजेंसी अलर्ट भेजने वाली सेल ब्रॉडकास्ट सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी NDMA की राज्यों को भेजी एडवाइजरी में यह फैसला सामने आया है. केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सूत्रों ने बताया है कि उन्हें NDMA की तरफ से लेटर में अलर्ट के इस्तेमाल को रोकने का बोला गया है.
सेवा बंद करने की वजह अभी तक आधिकारिक तौर पर नहीं बताई गई है हालांकि संकेत दिए गए हैं कि संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर तकनीकी और परिचालन समीक्षा चल रही है. जब समीक्षा पूरी होगी और NDMA की तरफ से नए निर्देश मिलेंगे तभी सेवा बहाल होगी.
ये भी पढ़ें: ‘मेरी मां को लेकर लगाए गए आरोप झूठे’, काकोली घोष के बेटे ने ममता बनर्जी पर लगाए ये आरोप
क्या है सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम?
सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम एक पब्लिक वार्निंग प्लेटफॉर्म है जो किसी खास भौगोलिक क्षेत्र में मौजूद सभी मोबाइल यूजर्स को एक साथ इमरजेंसी अलर्ट भेजता है. इस सिस्टम की खासियत यह है कि इसे इंटरनेट की जरूरत नहीं होती और नेटवर्क पर ज्यादा लोड होने पर भी यह काम करता रहता है. आपदा के वक्त जब सामान्य संचार माध्यम ठप हो जाते हैं तब यह सिस्टम सबसे ज्यादा कारगर होता है. अलर्ट मोबाइल स्क्रीन पर तेज आवाज के साथ पॉप-अप नोटिफिकेशन के रूप में आता है. कुछ डिवाइस पर यह अलर्ट जोर से पढ़कर भी सुनाया जाता है.
मई में हुई थी लॉन्चिंग
यह सेवा सिर्फ कुछ हफ्ते पहले शुरू हुई थी. केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मई 2026 में इस सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम को देशभर में लॉन्च किया था. लॉन्च के वक्त सिंधिया ने कहा था कि यह भारत के आपदा प्रबंधन ढांचे में बड़ा बदलाव है और देश अब प्रतिक्रियात्मक से आगे बढ़कर सक्रिय दृष्टिकोण की तरफ जा रहा है. इस सिस्टम को दूरसंचार विभाग के तहत काम करने वाले C-DOT यानी सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स ने स्वदेशी तरीके से विकसित किया है. NDMA और गृह मंत्रालय ने इसमें सहयोग किया.
सेवा कब बहाल होगी
अधिकारियों ने यह जरूर कहा है कि सेवा बंद करना अस्थायी है. समीक्षा पूरी होने और NDMA के नए निर्देश मिलने के बाद सेवा बहाल की जाएगी. फिलहाल कोई तारीख नहीं बताई गई है.
ये भी पढ़ें: ‘एक आंख में काबा, एक आंख में मदीना, अब साथ बैठकर चाय पी रहे’, ओवैसी का सायानी घोष पर तंज