दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी ISI के 7 आतंकियों को दबोचा, राजधानी में करने वाले थे बड़ा हमला, कई हथियार बरामद


दिल्ली पुलिस ने मंगलवार (16 जून, 2026) को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम करने वाले सात आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह आतंकवादी देश की राजधानी दिल्ली और NCR के इलाकों में बड़े आतंकवादी हमले को अंजाम देने की फिराक में थे.

पुलिस ने इन आतंकवादियों को गिरफ्तार कर इनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिसमें पांच पिस्तौल, 41 जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो कार, सात मोबाइल फोन और कई डिजिटल सबूत भी शामिल हैं. दिल्ली पुलिस ने यह भी बताया कि ये आतंकी पंजाब के रास्ते से भारत में ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी भी करते थे.

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

दिल्ली पुलिस की ओर से इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी मंगलवार (16 जून, 2026) को रात करीब साढ़े नौ बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करके दी गई. पोस्ट में दिल्ली पुलिस ने कहा, ‘आतंक के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है. स्पेशल सेल की टीम ने पाकिस्तानी एजेंसी ISI के लिए काम करने वाले 7 आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया है.’ 

दिल्ली पुलिस ने कहा, ‘ये आतंकवादी पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते भारत में ड्रग्स और अवैध हथियारों की सप्लाई किया करते थे और ये सभी पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी अजमल गुज्जर के निर्देश पर दिल्ली-NCR में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. इनके पास कई हथियार, गाड़ी, मोबाइल और डिजिटल सबूत बरामद हुए हैं.’

दिल्ली पुलिस की चौकसी से राजधानी पर से टला खतरा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कड़ी चौकसी और इस बड़ी कार्रवाई से राष्ट्रीय राजधानी पर से एक बड़ा खतरा होने से पहले ही टल गया. फिलहाल इस मामले में दिल्ली पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है. वहीं, गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों से पूछताछ के बाद और भी जानकारियां सामने आने की संभावनाएं हैं.  

यह भी पढ़ेंः यूपी से लेकर उत्तराखंड तक… बीजेपी नेता के कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी से हड़कंप, जानें पूरा मामला





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *