america china trade deal after steal tariff donald trump says deal talks in London


US China Trade Talks: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि लंदन में उनकी मंत्रिमंडल के प्रतिनिधि 9 जून 2025 को चीन के अधिकारियों से व्यापार समझौते पर बातचीत करेंगे. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा- “मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट, वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक और व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर सोमवार, 9 जून 2025 को लंदन में चीन के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. यह बैठक व्यापार समझौते को लेकर होगी.”

ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच फोन पर चर्चा
यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है जब हाल ही में ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच डेढ़ घंटे की फोन पर बातचीत हुई थी. ट्रंप ने इसे सकारात्मक बातचीत बताया और कहा कि अब दोनों देशों की टीमें मिलकर व्यापार के मुद्दों पर चर्चा करेंगी. उन्होंने खासतौर पर रेयर अर्थ (दुर्लभ खनिजों) के व्यापार को लेकर चिंता खत्म होने की बात कही.

अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध: क्या है मामला?
ट्रंप सरकार ने पहले स्टील और एल्युमिनियम पर भारी टैरिफ लगाया था. इसके बाद चीन पर 145% टैक्स लगा दिया गया, जिस पर चीन ने भी 125% जवाबी टैक्स लगा दिए. दोनों देशों के बीच तब से लगातार व्यापार तनाव बना हुआ है.

90 दिन की डील हुई थी, पर समस्या बरकरार
12 मई को दोनों देशों के बीच 90 दिन की एक अस्थायी डील हुई थी. इसमें अमेरिका ने चीनी सामान पर टैक्स 145% से घटाकर 30% कर दिया और चीन ने अमेरिकी सामान पर टैक्स 125% से घटाकर 10% किया. लेकिन यह समझौता सिर्फ टैक्स तक ही सीमित रहा. कई अहम मुद्दों जैसे- फेंटानिल ड्रग्स का अवैध व्यापार, ताइवान की राजनीतिक स्थिति और चीन की निर्यात-आधारित आर्थिक नीतियों पर कोई समाधान नहीं निकला.

चीन का आरोप: अमेरिका समझौते का पालन नहीं कर रहा
चीन ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि वह नए प्रतिबंध लगाकर समझौते को तोड़ रहा है. इस हफ्ते की शुरुआत में चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने अमेरिका पर “भेदभावपूर्ण प्रतिबंधात्मक कदम उठाने” का आरोप लगाया. इनमें AI चिप्स के निर्यात पर प्रतिबंध, चिप डिजाइन सॉफ्टवेयर की बिक्री पर रोक, और चीनी छात्रों का वीजा रद्द करना शामिल है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *