रूस से चल रहे भीषण युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है. यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक्सियोस वेबसाइट सेे बातचीत में कहा कि वह युद्ध खत्म होने के बाद राष्ट्रपति पद छोड़ने के लिए तैयार हैं. उन्होंने आगे कहा कि उनका उद्देश्य युद्ध समाप्त करना है, ना कि लगातार सत्ता में बने रहना.
शांति की दिशा में पूरी कोशिश जारी रखेंगे
जेलेंस्की ने यह भी कहा कि वह यूक्रेन में शांति स्थापित करने के लिए सभी प्रयास जारी रखेंगे. उनका मानना है कि देश में युद्ध का अंत केवल राजनीतिक रूप से ही नहीं, बल्कि जनता की स्वतंत्रता और भविष्य के लिए भी निर्णायक कदम होगा.
रूस मानता है जेलेंस्की को अवैध राष्ट्रपति
मॉस्को ने बार-बार जेलेंस्की को अवैध राष्ट्रपति बताया है, क्योंकि उनका राष्ट्रपति कार्यकाल समाप्त हो गया था. लेकिन रूस के हमले के बाद लगाए गए मार्शल लॉ की वजह से यूक्रेन चुनाव नहीं कर सकता. यूक्रेन की संसद, वेरखोव्ना राडा ने फरवरी में एक प्रस्ताव पास कर ज़ेलेंस्की का कार्यकाल मार्शल लॉ खत्म होने तक बढ़ा दिया.