पुलिस वालों ने किया रेप, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बदलने का दबाव और… सतारा महिला डॉक्टर सुसाइड केस में 5 चौंकाने वाले दावे



महाराष्ट्र के सतारा जिले के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत 28 वर्षीय महिला डॉक्टर ने रेप होने के बाद सुसाइड कर लिया. अब इस मामले में नए-नए खुलासे हो रहे हैं. मृतका ने अपने हाथ पर लिखे सुनसाइड नोट में दो पुलिसकर्मियों पर पिछले पांच महीनों से रेप करने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है.

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सतारा पुलिस से बात की और सुनाइड नोट में जिन पुलिस अधिकारियों का जिक्र था उन्हें तुरंत सस्पेंड करने का निर्देश दिया. पुलिस ने कहा, “हमने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हम पीड़िता के हाथ से मिले सुसाइड नोट में लिखे आरोपों की भी जांच कर रहे हैं.”

रेप और मानसिक उत्पीड़न

पीड़िता ने सुसाइड नोट में दावा किया कि सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदाने ने कई बार उनके साथ रेप और यौन उत्पीड़न किया. सुसाइड नोट में एक अन्य अधिकारी प्रशांत बनकर पर भी मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है. महाराष्ट्र महिला आयोग की प्रमुख रूपाली चाकनकर ने कहा, “हमने मामले का संज्ञान लिया है और सतारा पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है.”

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बदलने का दबाव

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर समेत चिकित्सा अधिकारियों पर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हेराफेरी करने का दबाव था. पीड़िता के चचेरे भाई ने बताया, “गलत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बनाने के लिए उस पर पुलिस और राजनीतिक दबाव बहुत था. हमने इसकी शिकायत करने की कोशिश की. मेरी बहन को न्याय मिलना चाहिए. दो साल पहले ही मेरी बहन सर्विस में आई थी, लेकिन अधिकारियों की तरफ से उस पर नकली ऑटोप्सी या फिटनेस रिपोर्ट बनाने का बहुत दबाव था.”

‘सीनियर्स पीड़िता को करते थे परेशान’

पीड़िता ने अपनी आंटी को बताया कि अस्पताल में जहां वह काम करती है वहां उस पर कैसे दवाब बनाया जाता है. पीड़िता की आंटी ने कहा, “हमने बचपन से ही उसका पालन-पोषण किया और उसकी पढ़ाई का खर्च उठाया. उस पर काम का बहुत दवाब था इसलिए उसने यह कदम उठाया. अभी दो दिन पहले ही उसने बताया था कि काम पर उसके सीनियर्स उसे परेशान कर रहे हैं.”

आरोपी पुलिसकर्मी सस्पेंड

सतारा के पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी ने बताया, “गोपाल बदाने और प्रशांत बांकर के खिलाफ रेप और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है और पुलिस टीमें दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हैं. इस मामले की पूरी जांच की जाएगी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.” 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *