Assam Assembly Elections: असम कांग्रेस के सहयोगी दल AJP ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, देखें किसे-किसे मिला मौका


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

असम में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. कांग्रेस की सहयोगी पार्टी असम जातीय परिषद (AJP) ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट मंगलवार (17 मार्च, 2026) को जारी कर दी है. पार्टी की ओर से जारी की गई पहली लिस्ट में 10 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई.

किन-किन सीटों पर पार्टी ने उतारे उम्मीदवार?

पार्टी के अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई ने गुवाहाटी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की. गोगोई ने कहा कि पार्टी ने गठबंधन की रणनीति के तहत राज्य की कई विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों को तय कर दिया है. उन्होंने जिन सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें सादिया, डिब्रूगढ़, खोवांग, बरहामपुर, सोरुपथार, मोरीगांव, बिनाकांडी, पलाशबाड़ी, बजाली और गोवाहाटी (सेंट्रल) शामिल है.

गठबंधन के लिए कई सीटों पर समझौता

AJP अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई ने कहा कि गठबंधन की एकता बनाए रखने के लिए पार्टी कई सीटों पर समझौता कर रही है. उन्होंने कहा कि हम गठबंधन के लिए कई सीटों को त्याग रहे हैं. कई ऐसे चुनावी क्षेत्र हैं, जहां हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव लड़ने का सुझाव दिया था, लेकिन हम व्यापक दृष्टिकोण से फैसला ले रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि सीटों के बंटवारे के लिए सहयोगी पार्टी कांग्रेस के साथ बातचीत अभी भी चल रही है.

कार्यकर्ताओं की नाराजगी स्वाभाविकः गोगोई

इस दौरान गोगोई ने इस बात को स्वीकारा कि कुछ इलाकों में गठबंधन दलों के समर्थकों ने कुछ सीटें AJP को दिए जाने पर असंतोष जताया है. हालांकि, उन्होंने इसे राजनीतिक प्रक्रिया का एक स्वाभाविक हिस्सा करार दिया.    

उन्होंने कहा, ‘पार्टी के कार्यकर्ताओं की अपनी आकांक्षाएं होती हैं. वे दिन-रात अपनी पार्टी के लिए काम करते हैं और चाहते हैं कि उनके नेता चुनाव लड़ें, लेकिन जब गठबंधन होता है तो लेने-देने की स्थिति भी होती है.

BJP को हराना मुख्य लक्ष्यः गोगोई

गोगोई ने स्पष्ट किया कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हराना है. उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य भाजपा को हराना है. हम ऐसा कोई फैसला नहीं लेगें, जिससे भाजपा को फायदा पहुंचे.

यह भी पढ़ेंः कच्चे तेल की कीमत, LPG संकट, इंपोर्ट बिल में बढ़ोत्तरी… इजरायल-ईरान युद्ध का भारत पर क्या पड़ा असर?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *