इथोपिया में प्राकृतिक आपदा ने कहर मचा रखा है. यहांअ दीस अबाबा में एक हफ्ते से जारी भारी बारिश के बाद भूस्खलन ने तबाही मचा दी है. इस हादसे से अबतक 50 लोगों की मौत हो चुकी है. अबतक 125 लोग लापता बताए जा रहे हैं. यह जानकारी एक स्थानीय अधिकारी ने दी है.
एपी न्यूज एजेंसी की मानें तो गामो जोन के डिजास्टर रिस्पॉन्स के निदेशक मेसफिन मनुका ने बताया कि भूस्खलन गामो जोन में हुआ है. इससे गाचो बाबा जिला, काम्बा जिला और बोनके जिले पर असर पड़ा है. इस हादसे में लापता लोगों की तलाश जारी है.
एक व्यक्ति को कीचड़ से जिंदा रेस्क्यू किया
मनुका ने कहा है कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. इस दौरान एक व्यक्ति को कीचड़ से जिंदा बाहर निकाला गया है. गाचो बाबा जिले के कम्युनिकेशन चीफ अबेबे अगेना ने न्यूज एजेंसी को बताया कि मरने वालों में से ज्यादातर कीचड़ में दबे पाए गए हैं. हालांकि, स्थिति साफ नहीं है कि इस प्राकृतिक आपदा में कितने लोग कीचड़ में दबे हुए हैं. साथ ही कितने लोगों के घर प्रभावित हुए हैं.
साउथ इथियोपिया रीजनल स्टेट के अध्यक्ष तिलाहुन केबेडे ने इस आपदा पर दुख जताया है. साथ ही लोगों से तेज बारिश के बीच ऊंची जगहों पर जाने की अपील की गई है.
बारिश के मौसम में अक्सर होता है भूस्खलन
उन्होंने कहा, ‘यह देखते हुए कि बारिश का मौसम है और इस तरह की आपदाएं फिर से हो सकती हैं, मैं ऊंचे इलाकों और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से जरूरी सावधानी बरतने की अपील कर रहा हूं.’
दरअसल, इथियोपिया में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और बाढ़ आना एक आम घटना है. यह अक्सर बारिश के मौसम में नजर आती है. जुलाई 2024 में भारी बारिश के वजह से एक बार भूस्खलन होने से दक्षिण इथियोपिया में 229 लोगों की जान चली गई थी.