Explained: दिल्ली में 1,511 कॉलोनियों पर केंद्र का बड़ा फैसला! 10 लाख परिवारों को क्या मिलेगा, क्यों छूटेंगे कई लोग?


केंद्र सरकार ने दिल्ली की 1,511 अवैध कॉलोनियों को रेगुलर करने का बड़ा फैसला लिया है, जो दिल्ली के 13 जिलों में लागू होगा. दिल्ली में कुल 1,731 अवैध कॉलोनियां हैं, जिनमें से 1,511 को ‘as-is, where-is’ यानी जैसी है वैसी ही रेगुलर किया जाएगा. अब सवाल है कि क्या केंद्र सरकार दिल्ली की काया पलटने वाली है और इससे असर क्या पड़ेगा? जानेंगे एक्सप्लेनर में…

सवाल 1: दिल्ली में 1,511 अवैध कॉलोनियों को वैध करने का प्लान क्या है?
जवाब: दिल्ली में कुल 1,731 अवैध कालोनियों में 1,511 वैध होंगी, जबकि बाकी जंगल, रिज, यमुना फ्लडप्लेन, मॉन्यूमेंट के पास या आई-इनकम एरिया वाली 220 कॉलोनियां प्लान से बाहर रखी गई हैं. इस फैसले से 1,511 कॉलोनियों में रहने वाले करीब 10 लाख परिवारों को फायदा मिलेगा. हालांकि, इसके लिए 1 जून 2014 से पहले बने या खरीदे गए घर ही योग्य होंगे. अब यह घर पूरी तरह से वैध हो जाएंगे. कोई नया लेआउट प्लान बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रेवेन्यू डिपार्टमेंट ऑथराइजेशन स्लिप या कॉन्विवेंस डीड जारी करेगी, जो लीगल ओनरशिप डॉक्यूमेंट होगा.

 

6 अप्रैल 2026 को दिल्ली में अवैध कॉलोनियों को लेकर हुई बैठक
6 अप्रैल 2026 को दिल्ली में अवैध कॉलोनियों को लेकर हुई बैठक

सवाल 2: अवैध कॉलोनियां रेगुलर होने से आम आदमी को क्या-क्या फायदे मिलेंगे?
जवाब: इस फैसले से 7 बड़े फायदे होंगे:

  1. घर पर पूरा कानूनी मालिकाना हक मिल जाएगा.
  2. घर बेचना-खरीदना, बैंक लोन लेना, रजिस्ट्री और बिल्डिंग प्लान आसान हो जाएगा.
  3. दशकों से चली आ रही अनिश्चितता खत्म होगी.
  4. MCD अब इन इलाकों में सड़क, पानी, बिजली, सीवर, पार्क जैसी सिविक सुविधाएं बना सकेगी.
  5. प्लॉट का लैंड यूज रेसिडेंशियल माना जाएगा.
  6. 20 वर्ग मीटर तक की कन्वीनियंस शॉप भी वैध होगी, लेकिन सड़क 6 मीटर से कम चौड़ी न हो.
  7. PM-UDAY प्रॉपर्टी कार्ड, ऑथराइजेशन स्लिप और कॉन्विवेंस डीड मिलेगा.

ये लाखों मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए ‘लीगल ओनरशिप’ की बड़ी राहत है.

 

दिल्ली में कुल 1,731 अवैध कॉलोनियां हैं
दिल्ली में कुल 1,731 अवैध कॉलोनियां हैं

सवाल 3: पूरा रेगुलराइजेशन प्रोसेस स्टेप-बाय-स्टेप कैसे चलेगा?
जवाब: पूरा काम 100% डिजिटल और ट्रांसपेरेंट होगा. तीन पोर्टल आपस में जुड़ेंगे- MCD SWAGAM, PM-UDAY और NGDRS…

  • MCD SWAGAM पोर्टल mcdonline.nic.in या Swagam ऐप पर जाएं.
  • पुराने PM-UDAY ID से लॉगिन करें.
  • अगर PM-UDAY कार्ड नहीं है, तो पहले PM-UDAY पोर्टल पर जाकर अप्लाई करें, कार्ड बनवाएं.
  • ऑथराइजेशन स्लिप या कॉन्विवेंस डीड के लिए अप्लाई करें. प्रॉपर्टी डिटेल्स भरें, पुराने कागजात यानी खरीद बिल, बिजली बिल, फोटो आदि अपलोड करें.
  • आवेदन ऑटोमैटिक NGDRS पोर्टल पर चला जाएगा. यहां प्रॉपर्टी रजिस्ट्री पूरी हो जाएगी.

आवेदन करने के 45 दिन के अंदर पूरा प्रोसेस खत्म होना चाहिए.

सवाल 4: प्लान को जमीन पर लागू करने के लिए क्या-क्या तैयारियां चल रही हैं?
जवाब: इस प्लान को लागू करने के लिए:

  • 13 डिस्ट्रिक्ट-लेवल टीमें: हर जिले में एक टीम बनेगी. टीम का हेड ADM होगा. हर टीम में 6 सदस्य होंगे.
  • रेवेन्यू डिपार्टमेंट की भूमिका: स्टेंडिंग ऑपरेशन प्रोसीजर (SOP) तैयार कर रहा है. SOP में रेवेन्यू और MCD की भूमिका साफ होगी. SOP तैयार होने के बाद LG की मंजूरी ली जाएगी और फिर काम शुरू होगा.
  • मॉनिटरिंग: रेवेन्यू डिपार्टमेंट पूरे प्लान पर नजर रखेगा.
  • MCD का नया प्लान: रेगुलर होने के बाद भी नई अवैध बिल्डिंग रोकने के लिए हर दो महीने में AI ड्रोन सर्वे होगा. नए निर्माण पकड़े जाएंगे और MCD कार्रवाई करेगी.

 

दिल्ली में नई अवैध कॉलोनियां बनने पर MCD कार्रवाई करेगी
दिल्ली में नई अवैध कॉलोनियां बनने पर MCD कार्रवाई करेगी

सवाल 5: क्या केंद्र सरकार के इस फैसले से दिल्ली की काया पलट जाएगी?
जवाब: दिल्ली सरकार ने 2026-27 बजट में इन कॉलोनियों के लिए 800 करोड़ रुपए अलग से रखे हैं. इस कारण कहना गलत नहीं होगा कि दिल्ली की काया पलट जाएगी. इससे:

  • आर्थिक उछाल: प्रॉपर्टी वैल्यू बढ़ेगी. लोग घर में निवेश करेंगे, लोकल ठेकेदार, बिल्डिंग मटेरियल और रेनोवेशन का बिजनेस बढ़ेगा. रियल एस्टेट लिक्विडिटी बढ़ेगी.
  • सिविक सुविधाएं: पहले MCD हाथ बांधे खड़ी थी क्योंकि कॉलोनियां अवैध थीं. अब इन्हें फॉर्मल प्लानिंग में शामिल किया जाएगा. सड़कें चौड़ी होंगी, ड्रेनेज, पानी, बिजली बेहतर होगी.
  • लोगों की जिंदगी: 45 लाख लोग दशकों की अनिश्चितता से मुक्त होंगे. छोटे व्यापारियों को 20 वर्ग मीटर तक की दुकानें भी रेगुलर हो जाएंगी. सम्मान और सुरक्षा मिलेगी.
  • शहर की तस्वीर: ये कॉलोनियां दिल्ली की आबादी का बड़ा हिस्सा हैं. इनके फॉर्मलाइजेशन से शहर का बड़ा हिस्सा ‘ऑफिशियल’ हो जाएगा. ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) पॉलिसी के साथ जोड़कर हाउसिंग और ट्रैफिक समस्या पर भी असर पड़ेगा.

एक्सपर्ट्स कह रहे हैं कि ये ‘शहरी शासन में बड़ा बदलाव’ ला सकता है और प्रॉपर्टी मार्केट को बूस्ट देगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *