Hyderabad Communal Tensions: हैदराबाद में आधी रात को सांप्रदायिक तनाव, अफवाहों के बाद भड़की हिंसा, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज


हैदराबाद के चारमीनार जोन के अंतर्गत आने वाले पुराना पुल इलाके में बुधवार (14 जनवरी 2026) की आधी रात को उस वक्त सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब एक धार्मिक स्थल के कथित अपमान की खबर ने हिंसक रूप ले लिया. अफवाहों के कारण भड़की इस हिंसा में उग्र भीड़ की तरफ से पुलिस को निशाना बनाने और पथराव करने की खबरें सामने आई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अंततः कड़ा बल प्रयोग करना पड़ा.

कामाटीपुरा पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की शुरुआत रात लगभग 11:30 बजे हुई. बताया जा रहा है कि एक नशे में धुत व्यक्ति ने पुरानापूल के ऐतिहासिक दरवाजे के समीप लगा एक पोस्टर फाड़ दिया था. इस पोस्टर पर कुछ स्थानीय राजनीतिक नेताओं की तस्वीरें और त्योहार की शुभकामनाएं थीं. पोस्टर फटने की जानकारी मिलते ही समर्थकों की भीड़ जमा हो गई और नारेबाजी शुरू हो गई.
 
विवाद झड़प में बदल गया

विवाद जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया. उपद्रवियों ने समीप स्थित एक दरगाह (मजार शरीफ) और चिल्ला-ए-मुबारक को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया. अराजक तत्वों ने वहां लगे धार्मिक ध्वज को उखाड़कर सड़क पर फेंक दिया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई.

हिंसा और पुलिस की कार्रवाई

स्थानीय युवकों ने जब धार्मिक प्रतीकों के अपमान का विरोध किया, तो उपद्रवियों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें कई युवक घायल हो गए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए उस्मानिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. भीड़ को तितर-बितर करने और उपद्रवियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. प्रदर्शनकारियों ने संकरी गलियों का फायदा उठाते हुए पुलिस पर हमला किया. हालात को काबू में करने के लिए बहादुरपुरा से पुरानापूल जाने वाले रास्तों को सील कर दिया गया है.

अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया

घटना के तुरंत बाद दक्षिण जोन के डीसीपी किरण खरे (IPS) और एसीपी फलकनुमा मोहम्मद जावेद सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया. पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टुकड़ियों को तैनात किया गया है. यह पूरी घटना गलत सूचना और अफवाहों का नतीजा थी. पुलिस अब उन मुख्य साजिशकर्ताओं की पहचान कर रही है जिन्होंने भीड़ को उकसाया. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पत्थरबाजों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुराना पुल और आसपास के इलाकों में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियातन पुलिस छावनी तैनात है. पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर ध्यान न दें.

ये भी पढ़ें: आज दुनिया की बढ़ती अर्थव्यवस्था है भारत, हमने खुद को साबित किया- पीएम मोदी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *