भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार (23 मार्च 2026) को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की. इस दौरान उन्होंने खाड़ी देशों के राजदूतों से भी मुलाकात की. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी मार्को रुबियो के साथ लंबी बातचीत हुई, जिसमें मिडिल ईस्ट के हालात और उसके दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर पर चर्चा हुई. खास तौर पर ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई और आगे भी संपर्क में रहने की बात कही गई.
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गल्फ कॉर्पोरेशन काउंसिल के सदस्य देशों के राजदूतों से भी मुलाकात की. इस बैठक में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, ओमान, कुवैत और कतर के राजदूत शामिल हुए. इस दौरान सभी ने मिडिल ईस्ट के हालात पर अपने विचार साझा किए. जयशंकर ने इन देशों को वहां रह रहे भारतीय लोगों के समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया.
Had a detailed telecon this evening with US @SecRubio. Our discussions focused on the West Asia conflict and its impact on the international economy. We particularly spoke about energy security concerns. Agreed to remain in touch.
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) March 23, 2026
भारत में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट बैठक
यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में भारत में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति ने भी एक अहम बैठक की थी. इस बैठक में इजरायल औरअमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद बने हालात से निपटने के उपायों पर चर्चा हुई थी. खास तौर पर देश में अनाज, फ्यूल और खाद की सप्लाई को सुरक्षित रखने पर ध्यान दिया गया. सरकार मिडिल ईस्ट में रहने वाले करीब 1 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क है. इनमें से लगभग 80 लाख भारतीय सिर्फ सऊदी अरब और यूएई में रहते हैं.
श्रीलंका के विदेश मंत्री से हुई बात
जयशंकर ने सोमवार को श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ से भी बात की. इस दौरान पश्चिम एशिया के हालात के असर पर चर्चा हुई. श्रीलंका ने इस संकट के चलते भारत से अतिरिक्त ईंधन की मांग भी की है, जिस पर भारत विचार कर रहा है. इसके अलावा जयशंकर ने जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल से भी बातचीत की और पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की. मौजूदा स्थिति पर भारत सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर रख रही है और जरूरी कदम उठा रही है, ताकि देश की जरूरतों और विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा बनी रहे.
ये भी पढ़ें: कब खत्म होगा ईरान युद्ध? अमेरिका ने कर दिया तारीख का ऐलान, पाकिस्तान में होगी मध्यस्थता की बैठक