Iran-US War: ‘अमेरिका को ईरान ने दिया एक और गिफ्ट, आ रहे 20 तेल के टैंकर’, ट्रंप का फिर चौंकाने वाला दावा


ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग के चलते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर असर पड़ा है. इस वजह से जहाजों की आवाजाही काफी प्रभावित हुई है. इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक हैरान करने वाला बयान दिया है. ट्रंप ने कहा कि ईरान अमेरिका को 20 तेल टैंकर भेज रहा है. उनके मुताबिक ये टैंकर सोमवार (30 मार्च 2026) सुबह से होर्मुज के रास्ते गुजरना शुरू होंगे. इससे पहले भी ट्रंप दावा कर चुके हैं कि ईरान 10 बड़े तेल टैंकर दे चुका है. उन्होंने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह कदम सम्मान दिखाने के लिए उठाया गया है.

ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के साथ बातचीत पाकिस्तान के जरिए चल रही है और यह बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है. उनके अनुसार अमेरिका इस बातचीत में मजबूत स्थिति में है. हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अभी समझौता तय नहीं है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि जल्द कोई डील हो सकती है.

खर्ग द्वीप को लेकर ट्रंप का बयान

इसी दौरान ट्रंप ने सख्त रुख दिखाते हुए खर्ग द्वीप को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि अमेरिका इस द्वीप को अपने कब्जे में लेने के विकल्प पर विचार कर रहा है. यह वही जगह है, जहां से ईरान का करीब 90 प्रतिशत तेल निर्यात होता है. ट्रंप ने साफ किया कि अगर ऐसा कदम उठाया गया तो वहां लंबे समय तक अमेरिकी सेना की मौजूदगी रखनी पड़ेगी. इस बयान पर ईरान की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई. ईरान के ब्रिगेडियर जनरल इब्राहिम ज़ोल्फ़ागरी ने कहा कि अगर अमेरिकी सैनिक वहां आए तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका 13 मार्च को खर्ग द्वीप पर हवाई हमला भी कर चुका है, जिसमें कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था. कहा जा रहा है कि अमेरिका के पास इस द्वीप को पूरी तरह नुकसान पहुंचाने या कब्जा करने की योजना भी तैयार है, जिससे ईरान की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है.

ट्रंप ने किया बड़ा दावा

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए रखी गई 15 शर्तों में से ज्यादातर मान ली हैं. उनके मुताबिक दोनों देशों के बीच सीधे और परोक्ष दोनों तरह की बातचीत चल रही है. इस बीच इस्लामाबाद में एक अहम बैठक हुई, जिसमें मिस्र, तुर्किए, सऊदी अरब और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों ने हिस्सा लिया. इस बैठक में साफ कहा गया कि युद्ध किसी के हित में नहीं है और इससे पूरे पश्चिम एशिया में नुकसान हो रहा है. पाकिस्तान ने भी कहा कि वह अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने के लिए तैयार है. ट्रंप ने एक और बड़ा दावा करते हुए कहा कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और वहां नए लोग सामने आ रहे हैं. हालांकि इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें: IndiGo Flight: हवा में थी फ्लाइट, इमरजेंसी गेट खोलने लगा पैसेंजर! पकड़े जाने पर बोला- ‘मुझ पर भूत…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *