ईरान-इजरायल तनाव के इस मुश्किल वक्त में सऊदी अरब से भारत के लिए अच्छी खबर आई है. भारतीय दूतावास ने साफ कहा है कि अल खर्ज में कल शाम हुई दुखद घटना में किसी भी भारतीय की मौत नहीं हुई. यह बात उन लाखों भारतीयों के परिवारों के लिए राहत का सबब है जो सऊदी में काम कर रहे हैं.
सैन्य प्रोजेक्टाइल गिरने से 2 की मौत, 11 घायल
सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि अल खर्ज प्रांत के एक रिहायशी इलाके में एक सैन्य प्रोजेक्टाइल गिर गया. इस हादसे में दो बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हो गई और 11 बांग्लादेशी घायल हुए. एक भारतीय भी इस घटना में घायल हुआ है, लेकिन उसकी हालत ठीक बताई जा रही है.
भारतीय दूतावास रियाद ने इस बारे में तुरंत बयान जारी किया. उन्होंने X पर लिखा, ‘यह राहत की बात है कि कल शाम अल खर्ज में हुई इस दुखद घटना में किसी भारतीय की मौत नहीं हुई. हमने सऊदी अथॉरिटीज से इस मामले में लगातार संपर्क बनाए रखा है.’
अल खर्ज के सरकारी अस्पताल में इलाज
दूतावास के काउंसलर (कॉन्सुलर वेलफेयर) वाई. सबीर कल रात ही अल खर्ज पहुंचे. उन्होंने वहां घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की. दूतावास ने बताया कि वह व्यक्ति अभी अल खर्ज के सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहा है और उसकी देखभाल की जा रही है. भारतीय दूतावास ने विदेश मंत्रालय और दूसरे संबंधित विभागों को भी इसकी जानकारी दे दी है. उन्होंने कहा कि सऊदी अधिकारियों के साथ मिलकर हर जरूरी मदद मुहैया कराई जा रही है.
यह घटना ईरान युद्ध से जुड़े बढ़ते तनाव के बीच हुई है. क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबरें आ रही हैं, लेकिन भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है. सऊदी अरब में करीब 27 लाख भारतीय रहते और काम करते हैं, इसलिए ऐसी घटनाओं में दूतावास हमेशा तुरंत एक्शन लेता है.
भारत सरकार की सऊदी में भारतीयों को एडवाइजरी
अभी तक घायल भारतीय की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन दूतावास ने उसके परिवार से भी संपर्क कर लिया है. अगर कोई और अपडेट आएगा तो हम तुरंत बताएंगे. भारत सरकार ने पहले भी ईरान-इजरायल संघर्ष में अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी थी. इस राहत भरी खबर से भारतीय परिवारों ने सुकून की सांस ली है. सऊदी अथॉरिटीज को भी धन्यवाद, जिन्होंने तुरंत मदद और जानकारी दी.