इंडोनेशियन-अमेरिकन मॉडल मनोहारा ओडेलिया ने वर्षों बाद अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद दर्दनाक सच सार्वजनिक किया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि मलेशियाई राजकुमार तेंगकू फाखरी के साथ उनका रिश्ता न तो सहमति से था और न ही कानूनी रूप से वैध. मनोहारा ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में मीडिया की तरफ से उन्हें एक्स वाइफ कहे जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है. उनका कहना है कि जब यह सब हुआ, तब वह सिर्फ 16 साल की नाबालिग थीं.
अब 33 साल की मनोहारा ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2008 में हुआ तथाकथित विवाह दरअसल जबरन थोपा गया रिश्ता था. उन्होंने कहा कि उस उम्र में न तो उन्हें हालात समझने की आज़ादी थी और न ही किसी फैसले पर स्वतंत्र रूप से सहमति देने की क्षमता. उनका दावा है कि उन्हें अलग-थलग रखा गया, परिवार से संपर्क सीमित कर दिया गया और शाही महल के भीतर कड़ी निगरानी में रखा गया.
मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म से सीधी अपील
मनोहारा ने पत्रकारों, संपादकों और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे Google और Wikipedia से अपील की है कि वे इस रिश्ते को एक्स-वाइफ या पूर्व विवाह के रूप में पेश करना बंद करें. उनका कहना है कि ऐसे शब्द एक जबरदस्ती और शोषण की कहानी को सामान्य और वैध रिश्ते की तरह दिखाते हैं, जो न केवल गलत बल्कि अनैतिक भी है.
शाही महल में एक साल
बयान में मनोहारा ने बताया कि केलंतन के शाही महल में बिताया गया एक साल उनके जीवन का सबसे भयावह दौर था. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां उन्हें स्वतंत्र रूप से कहीं जाने की अनुमति नहीं थी, लगातार निगरानी रखी जाती थी और उन्होंने शारीरिक व यौन शोषण तक झेला. इन आरोपों पर पहले भी वह कई इंटरव्यू में बात कर चुकी हैं.
2009 में फिल्मी अंदाज़ में भागकर बची जान
साल 2009 में, एक शाही यात्रा के दौरान सिंगापुर के एक होटल से मनोहारा ने भागकर अपनी जान बचाई. इस दौरान उनकी मां, स्थानीय प्रशासन और अमेरिकी दूतावास ने उनकी मदद की, जिसके बाद वह इंडोनेशिया लौट सकीं. यह घटना अंतरराष्ट्रीय मीडिया में उस समय बड़ी सुर्खियां बनी थी.
इसे प्रेम कहानी मत बनाइए
मनोहारा ने कहा कि उनके जीवन के उस दौर को प्रेम या रिश्ते के रूप में दिखाना सच्चाई को तोड़-मरोड़ कर पेश करना है. उनका साफ संदेश है. यह कहानी बाल विवाह, जबरदस्ती और उत्पीड़न की है, न कि किसी राजसी प्रेम कथा की.
ये भी पढ़ें: Nicolas Maduro Arrest: मादुरो के डांस से ट्रंप को आया गुस्सा, गिरफ्तार करके ले गया अमेरिका, रिपोर्ट ने खोले नए राज