दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना का तेजस फाइटर जेट क्रैश हो गया, जिसमें पायलट विंग कमांडर नमंश स्याल की मौत हो गई. यह हादसा दुबई के अल मकतूम एयरपोर्ट पर जारी एयर शो में एक डेमो फ्लाइट के दौरान हुआ. इंडियन एयरफोर्स ने क्रैश के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के ऑर्डर दिए हैं. इस बीच नमंश स्याल का आखिरी वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ग्रुप फोटो खिंचवाते नजर आ रहे नमंश स्याल
वीडियो में विंग कमांडर नमंश स्याल दुबई एयर शो में भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, यूएई में भारत के दूत दीपक मित्तल और विदेश मंत्रालय में भारत के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन के साथ नजर आ रहे हैं. वीडियो में उन्हें एक ग्रुप फोटो खिंचवाते हुए भी देखा जा सकता है. नमंश स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले थे.
BHARAT SALUTES ITS HERO.
RIP Wing Commander Namansh Syal — a warrior who touched the skies with courage and guarded the nation with pride. 🇮🇳💔Soar high, braveheart.
Om Shanti 🙏🕊️#Tejas #TejasCrash #DubaiAirShow pic.twitter.com/aNN7PBcTuH
— Rebel_Warriors (@Rebel_Warriors) November 21, 2025
तेजस जेट क्रैश पर रक्षा मंत्री ने दुख जताया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुबई एयरशो के दौरान हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा, दुबई एयरशो में हवाई प्रदर्शन के दौरान एक बहादुर और साहसी भारतीय वायुसेना पायलट के निधन से गहरा दुःख हुआ है. शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. इस दुखद घड़ी में पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है.”
‘देश ने एक बहादुर पायलट खो दिया’
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, “दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के वीर सपूत नमन स्याल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है. शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं. वीर सपूत नमन स्याल जी की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन.”
फ्लाइंग डिस्प्ले के दौरान हुआ हादसा
दुबई एयरशो में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना के हल्के लड़ाकू विमान तेजस (एलसीए तेजस) के साथ यह बड़ा हादसा हुआ. फ्लाइंग डिस्प्ले के दौरान विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और ग्राउंड एरिया में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान तथा भारतीय सशस्त्र बलों के सभी रैंक ने बयान जारी कर पायलट की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है. सीडीएस ने कहा कि भारतीय सेना इस दर्दनाक क्षति पर गहरा दुख प्रकट करती है और पायलट के परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.