PM Modi Malaysia: मलेशिया के लिए रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी, जानें भारत के लिए क्यों खास होगा यह दौरा


भारत और मलेशिया के रिश्तों को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 2 दिवसीय दौरे पर मलेशिया के लिए रवाना हुए. इस यात्रा से पहले पीएम मोदी ने संकेत दिया कि भारत अब मलेशिया के साथ रक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और इनोवेशन जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना चाहता है. 

रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंध रहे हैं और बीते कुछ वर्षों में इन रिश्तों में लगातार मजबूती आई है. उन्होंने कहा कि वो मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ विस्तृत बातचीत को लेकर उत्साहित हैं. पीएम मोदी के मुताबिक दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर फोकस करेंगे. इसमें रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को नई दिशा देने पर चर्चा होगी. 

भव्य स्वागत की तैयारी
IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम मोदी की यात्रा को लेकर मलेशिया में भारतीय समुदाय में खासा उत्साह देखा जा रहा है. कुआलालंपुर में उनके स्वागत के लिए भव्य सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसका नाम है वेलकम मोदी जी. इसकी खास बात यह है कि यहां 750 से ज्यादा कलाकार एक साथ मंच पर उतरेंगे और सामूहिक नृत्य प्रस्तुति देंगे. 

मलेशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो सकता है कार्यक्रम
आयोजकों का दावा है कि यह आयोजन मलेशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो सकता है. रिकॉर्ड के लिए आवेदन पहले ही किया जा चुका है और रिकॉर्ड्स टीम मौके पर मौजूद रहेगी. बता दें कि पीएम मोदी की ये तीसरी मलेशिया यात्रा है. अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद यह उनकी पहली यात्रा है. 

किन मुद्दों पर होगी चर्चा
ऐसे में माना जा रहा है कि इस दौरे में दोनों देश भविष्य के रोडमैप को लेकर ठोस फैसले ले सकते हैं. कुल मिलाकर पीएम मोदी की ये यात्रा सिर्फ स्वागत और समारोह तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत और मलेशिया के रिश्तों को रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से नई मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी.

भारतीय उच्चायोग के मुताबिक वेलकम मोदी जी कार्यक्रम में करीब 15 हजार भारतीय मूल के लोग शामिल हो सकते हैं. मलेशिया में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा और तीसरा सबसे पुराना भारतीय मूल का समुदाय रहता है. यही वजह है कि पीएम मोदी की यह यात्रा सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी खास मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें

India-US Trade Deal: भारत पर कब लागू होगा 18 प्रतिशत टैरिफ, व्हाइट हाउस ने बयान में क्या-क्या बताया, पढ़ें 12 जरूरी पॉइंट्स





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *