Russia-Ukraine War: जेलेंस्की ने शांति समझौते को लेकर कर किया बड़ा दावा! अमेरिका की बताई असली मंशा


यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका चाहता है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को लेकर जून महीने तक शांति समझौता हो जाए. उन्होंने यह बात शुक्रवार (6 फरवरी 2026) को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही. जेलेंस्की के अनुसार, अमेरिका ने बातचीत के लिए एक साफ समय सीमा तय करने का सुझाव दिया है.

ANI के मुताबिक जेलेंस्की ने बताया कि अमेरिका का कहना है कि वह जून तक सभी जरूरी बातचीत पूरी करना चाहता है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर तय समय पर समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका दोनों देशों पर दबाव बना सकता है. यह संकेत है कि ट्रंप प्रशासन शांति प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाना चाहता है.हाल ही में अमेरिका की मध्यस्थता में अबू धाबी में यूक्रेन, रूस और अमेरिका के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन इसमें किसी बड़े मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई. जमीन के बंटवारे और सुरक्षा की गारंटी जैसे अहम विषय अब भी उलझे हुए हैं.

रूस चाहता है पूर्वी डोनबास इलाके पर नियंत्रण

रूस अब भी यूक्रेन के पूर्वी डोनबास इलाके पर अपना नियंत्रण चाहता है, जिसे यूक्रेन ने साफ तौर पर खारिज कर दिया है. इसके अलावा, जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र को लेकर भी दोनों देशों के बीच कोई समझ नहीं बन सकी है, जो इस समय रूस के कब्जे में है.जेलेंस्की ने यह भी बताया कि अमेरिका ने अगली दौर की बातचीत अमेरिका में कराने का प्रस्ताव दिया है. संभावना है कि यह बैठक अगले हफ्ते मियामी में हो सकती है. यूक्रेन ने इस बैठक में शामिल होने की पुष्टि कर दी है.

रूस के ड्रोन हमले में कई लोगों की मौत

रूस की ओर से यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले जारी हैं. जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों की वजह से परमाणु बिजली संयंत्रों को उत्पादन कम करना पड़ा है और सर्दियों के दौरान देश में बिजली की भारी कमी हो गई है. अमेरिका ने एक बार फिर ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के लिए युद्धविराम का सुझाव दिया है. यूक्रेन ने इस पर सहमति जता दी है, लेकिन रूस की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है. शनिवार को रूस के ड्रोन हमले में यूक्रेन के पावलोहराद इलाके में खदान कर्मियों को ले जा रही एक बस को निशाना बनाया गया. इस हमले में 15 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए. हमले के बाद बस में आग लग गई, जिसे दमकल कर्मियों ने बुझाया.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *