Tamil Nadu: पहाड़ी पर चढ़ाई के दौरान छात्र की हुई मौत, अचानक हुआ था सीने में दर्द


Tamil Nadu News: तमिलनाडु के कोयंबटूर के पास स्थित वेल्लियांगिरी पहाड़ी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है, जहां चढ़ाई के दौरान एक कॉलेज छात्र की अचानक मौत हो गई. इस घटना ने न केवल उसके परिवार, बल्कि दोस्तों और स्थानीय लोगों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है.

मृतक की पहचान 23 साल के मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो धर्मपुरी जिले के सुरेश के बेटे थे. वह कोयंबटूर के सेरन कॉलेज में फार्म-डी (Pharm-D) के पांचवें साल के छात्र थे. पढ़ाई के दौरान वह तेलुगुपलायम इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि मुकेश अपने कुछ दोस्तों के साथ आध्यात्मिक उद्देश्य से वेल्लियांगिरी पहाड़ी पर चढ़ाई करने निकले थे. उन्होंने यह यात्रा देर रात करीब 10 बजे शुरू की. उनके साथ अभि और महेंद्रन समेत कुल आठ दोस्त मौजूद थे.

अचानक सीने में हुआ दर्द, बेहोश होकर गिरा मुकेश

चढ़ाई के दौरान सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन तड़के करीब 2 बजे जब वे पांचवें पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे, तभी मुकेश को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ. इससे पहले कि उनके दोस्त कुछ समझ पाते, वह कुछ ही मिनटों में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. दोस्तों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. यह घटना सभी के लिए बेहद दुखद और चौंकाने वाली रही.

मजदूरों की मदद से शव को पहाड़ी से नीचे लाया गया

सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे. डोली उठाने वाले मजदूरों की मदद से छात्र के शव को पहाड़ी रास्ते से नीचे लाने का काम शुरू किया गया. घटना की जानकारी मुकेश के परिवार को दे दी गई है. इस हादसे ने उनके परिजनों, दोस्तों और पर्वतारोहियों के बीच गहरा शोक पैदा कर दिया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *