US Crime: अमेरिका के जॉर्जिया में भारतीय मूल के शख्स ने पत्नी को मारी गोली, ऐसा क्या हुआ कि रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ा?


अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक पारिवारिक विवाद से जुड़ी गोलीबारी की घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है. यह घटना शुक्रवार (23 जनवरी 2026) की तड़के लॉरेंसविल शहर में हुई, जहां एक ही घर के अंदर चार लोगों को गोली मार दी गई. घटना के समय घर में तीन बच्चे भी मौजूद थे, जो किसी तरह जान बचाने में सफल रहे.

PTI की रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 2:30 बजे पुलिस को ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके में फायरिंग की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने घर के अंदर चार वयस्कों के शव बरामद किए, जिन सभी की गोली लगने से मौत हो चुकी थी. मृतकों में एक भारतीय मूल की महिला भी शामिल है.

भारतीय दूतावास ने जताया शोक

अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि यह घटना कथित तौर पर पारिवारिक विवाद से जुड़ी है और इसमें एक भारतीय नागरिक की जान गई है. दूतावास ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है.

आरोपी की पहचान और आरोप

पुलिस ने आरोपी की पहचान अटलांटा निवासी 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में की है. पुलिस के अनुसार, मृतकों में विजय कुमार की पत्नी मीमू डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरिश चंदर (38) शामिल हैं. विजय कुमार पर चार लोगों की हत्या, गंभीर हमला और बच्चों के प्रति क्रूरता सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

बच्चों की सूझबूझ से बची जान

इस दर्दनाक घटना के दौरान घर में मौजूद तीन बच्चे किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी शुरू होते ही बच्चे एक अलमारी में छिप गए. इनमें से एक बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए 911 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिससे पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच सकी. बच्चों को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है और उन्हें बाद में परिवार के एक सदस्य के हवाले कर दिया गया.

ये भी पढ़ें: Iran Warning US: ‘हमला किया तो जंग…’, अमेरिका की सैन्य तैनाती पर ईरान की कड़ी चेतावनी, जानें क्या बोले ट्रंप



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *