‘आज खुशी का दिन है…’, PAK आर्मी पर बरसाईं गोलियां फिर मुस्कुराई और दे दी जान, मरने से पहले का बलूच महिला फिदायीन का वीडियो


पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हो रहे हमलों के बीच एक महिला फिदायीन (सुसाइड अटैकर) का वीडियो सामने आया है. वीडियो में महिला बड़ी बंदूक के साथ पाकिस्तानी सेना पर खूब गोलियां बरसाती दिख रही है. वह बलूचों से पाकिस्तान के खिलाफ बलूच फाइटर्स के साथ खड़े होने की अपील भी कर रही है. वह लड़ाई के दौरान मुस्कुराती हुई नजर आ रही है और आखिर में जमीन पर उसकी बॉडी दिखाई देती है. यह वीडियो बलूचों के विद्रोही समूह बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने जारी किया है.

बीएलए ने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ आक्रामक अभियान चला रखा है, जिसे उसने ऑपरेशन हेरोफ फेज 2 नाम दिया है. उसका दावा है कि बलूचिस्तान के कई जिलों में 40 घंटे से ज्यादा समय से ऑपरेशन जारी है, जिसमें पाकिस्तानी सेना, पुलिस  और फ्रंटियर कोर के 200 से अधिक कर्मी मारे गए हैं. इस दौरान कई फिदायीन हमले भी हुए हैं, जिनमें महिलाएं शामिल हैं.

वीडियो में नजर आ रही महिला फिदायीन का नाम हावा बलोच है. बीएलए ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ‘ग्वादर फ्रंट पर ऑपरेशन हेरोफ के दूसरे फेज के दौरान फिदायी हावा बलोच ने अपने फिदायीन साथियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर निस्वार्थ भाव से लड़ाई लड़ी. ये मौत से 12 घंटे पहले का उसका आखिरी मैसेज है.’

वीडियो में महिला फिदायीन बलूच लोगों से आगे आने की अपील कर रही है. महिला ने कहा, ‘बलूचों, आज आपकी बहन पंजाबी आर्मी से लड़ रही है. अब आप लोगों को साहस दिखाने की जरूरत है. अब हमारे पास इसके अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है.’ वीडियो में एक व्यक्ति महिला को द्रोशुम कह कर बुलाते सुनाई दे रहा है.

महिला ने आगे कहा, ‘पाकिस्तान डर की वजह से आगे नहीं आ रहा है. पाकिस्तान में हमारा सामना करने की हिम्मत नहीं है. आज खुशी का दिन है. आज हम आर्मी से लड़ रहे हैं. आज हम दुश्मन को दिखाएंगे कि बलूच माताओं और बहनों को न कभी त्यागा गया और न ही कभी त्यागा जाएगा.’ एक दूसरे शख्स ने महिला से पूछा कि जंग कैसी है तो उसने हंसकर जवाब दिया, ‘जंग मजा है.’

महिला फिदायीन वीडियो में बड़ी बंदूक के साथ गोलियां बरसाते हुए दिख रही है. उसने कहा कि वह पाक आर्मी का इंतेजार कर रही है लेकिन दुश्मन नजर नहीं आ रहा क्योंकि वो कायर है. महिला ने कहा कि दुश्मन बस दूर से गोलियां चला रहा है, उसकी सामने आने की हिम्मत नहीं है. महिला ने पाक आर्मी से कहा कि आज बलूच महिला फ्रीडम फाइटर तुम्हारे सामने है. आज तुम्हें पता चलेगा कि बलूच महिलाओं से लड़ना कितना मुश्किल है.

महिला ने आगे कहा, ‘आज दुश्मन की सेना में मातम छाया हुआ है. वहां रोने और मातम की गूंज सुनाई दे रही है. ये बस हमारी पीड़ित माताओं और बहनों पर ही अपनी ताकत दिखा सकते हैं. इनमें हमारा सीधे सामना करने की हिम्मत नहीं है. ये उनके बस की बात नहीं है.’

अपने बलूच साथियों को संदेश देते हुए महिला फिदायीन ने कहा, ‘बलूचों को जागने की जरूरत है. सबको बलूच फाइटर्स से कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े होना चाहिए. दुश्मन के दिन गिने-चुने रह गए हैं. इनके पास ज्यादा ताकत नहीं है. बलूचों को ये बात समझने की जरूरत है कि दुश्मन के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता है. देखो, आज हमारे फाइटर अपनी जान की कुर्बानी दे रहे हैं. कुछ लोग अभी पैसों के लिए जासूसी कर रहे हैं.’ वीडियो के अंत में जमीन पर हावा बलोच की बॉडी दिखाई देती है. उसके साथ एक और फाइटर जमीन पर पड़ा दिख रहा है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *