आसिम मुनीर को बड़ी चुनौती, BLA के दावा- 10 दिन में किए 18 अटैक, पाकिस्तान के 31 सैनिकों को मार गिराया


बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर किए गए 18 हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इन हमलों में एक वरिष्ठ अधिकारी समेत 31 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने एक बयान में कहा कि संगठन के लड़ाकों ने 4 मई से 14 मई के बीच आईईडी विस्फोट, घात लगाकर हमले और हाईवे नाकेबंदी जैसी कार्रवाइयों को अंजाम दिया. ये हमले बलूचिस्तान के जमुरान, नोशकी, मस्तुंग, कलात, केच, ग्वादर, पंजगुर, दलबंदीन और चामलांग समेत कई इलाकों में किए गए. 

BLA ने दावा किया कि इन हमलों में राज्य समर्थित सशस्त्र समूहों और कथित सैन्य खुफिया एजेंसियों से जुड़े सात लोगों की भी मौत हुई. बीएलए के अनुसार, सबसे बड़ा हमला 13 मई को चामलांग के बाला डाक इलाके में हुआ, जहां संगठन के लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के एक काफिले को निशाना बनाया. संगठन ने दावा किया कि यह हमला उसके खुफिया विंग जिराब से मिली सटीक जानकारी के आधार पर किया गया. बयान में कहा गया कि पहले रिमोट कंट्रोल आईईडी से सेना के एक वाहन को उड़ाया गया और इसके बाद दूसरे वाहन पर भारी हथियारों से हमला किया गया.

ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक: NTA में हुआ बड़ा प्रशासनिक बदलाव, नए जॉइंट सेक्रेटरी और जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति

8 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा

हमले में अधिकारी तौसीफ भट्टी समेत 8 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया गया. मस्तुंग के शेख वासिल इलाके में बीएलए ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने क्वेटा-ताफ्तान हाईवे पर 20 बड़े वाहनों के काफिले और उनकी सुरक्षा टीम पर हमला किया. संगठन के मुताबिक, इस दौरान खनिज ले जा रहे आठ वाहनों को निष्क्रिय कर दिया गया और छह सैनिक मारे गए. बीएलए ने यह भी दावा किया कि उसके लड़ाकों ने दलबंदीन में लाग आप और खजांगी के बीच क्वेटा-ताफ्तान हाईवे पर दो घंटे से अधिक समय तक नाकेबंदी की. संगठन के अनुसार, इस दौरान सियाह दिक परियोजना से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में लिया गया और रेको दिक परियोजना के एक वाहन को कब्जे में लिया गया.

BLA ने किया बड़ा दावा

नोशकी में BLA ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने सर मल और जोरकैन क्षेत्रों में कई घंटों तक नाकेबंदी और जांच अभियान चलाया. संगठन के मुताबिक, सर मल की ओर बढ़ रही सेना की गाड़ियों को निशाना बनाया गया, जिसमें एक वाहन नष्ट हो गया और तीन सैनिक मारे गए. BLA ने यह भी दावा किया कि 14 मई को मस्तुंग के ड्रिंगार्ह इलाके में उसके लड़ाकों ने बड़ा अभियान चलाकर इलाके पर नियंत्रण कर लिया, स्थानीय पुलिस स्टेशन और अन्य सरकारी इमारतों पर कब्जा कर हथियार और गोला-बारूद अपने साथ ले गए. पंजगुर में संगठन ने दावा किया कि सीपेक मार्ग पर राज्य समर्थित सशस्त्र समूह से जुड़े दो लोगों को मार दिया गया. BLA ने अपने बयान में हालिया झड़पों में मारे गए अपने पांच लड़ाकों को याद करते हुए कहा, ‘उनका बहता खून इस बात का सबूत है कि जब तक बलोच भूमि का एक भी बेटा जीवित है, तब तक कब्जाधारी राज्य और उसकी शोषणकारी परियोजनाएं स्थायी नहीं हो सकतीं.’ 

ये भी पढ़ें: ‘रिटायरमेंट में बचे थे सिर्फ 7 महीने’, नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार मनीषा मंधारे के बारे में प्रिंसिपल ने क्या कहा?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *