इंडोनेशिया में सुलावेसी द्वीप के पास समुद्र में घटी बड़ी दुर्घटना, यात्री नाव में लगी आग, पांच की मौत


इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी द्वीप के पास बीच समुद्र में रविवार (20 जुलाई, 2025) की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. रविवार को स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 1.30 बजे बीच समुद्र में एक यात्री जहाज में अचानक आग लग गई. इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है.

वहीं, दुर्घटना के बाद समुद्री जहाज से यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया है, जिसमें अब तक 280 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित रूप से बचा लिया गया है.

जिस समुद्री जहाज में आग लगी, उसका नाम केएम बार्सिलोना वीए फेरी था. यह जहाज इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी प्रांत के एक द्वीपीय जिले तलौद से, प्रांत की राजधानी मनादो की ओर जा रहा था. तभी जहाज में अचानक आग लग गई. आग लगने के बाद पूरे जहाज में धुआं भर गया और कुछ ही समय में आग की लपटों ने पूरी फेरी को अपने चपेट में ले लिया.

जान बचाने के लिए समुद्र में कूदे यात्री, कई घायल

आग की लपटों को देखकर जहाज के यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई. बीच समुद्र में घटी इस भयानक दुर्घटना से अपनी जान बचाने के लिए जहाज के सभी यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में छलांग लगा दी. हालांकि, लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में कूदने से लोग डूबने से तो बच गए. लेकिन इस दुर्घटना में 18 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें महिलाएं और कई बच्चे भी शामिल हैं.

लापता लोगों की तलाश जारी

हालांकि, इस भयानक हादसे में 280 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है, लेकिन इस दौरान कई यात्री लापता भी हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.

हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

वहीं, इस भयानक समुद्री हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है. वीडियो में जहाज में आग के उठती लपटों और काले धुएं के गुबार को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है. वहीं, इस वीडियो में कुछ लोग यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं.

यह भी पढ़ेंः रूस-यूक्रेन युद्धः शांति वार्ता के लिए तैयार हुए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, रखी ये बड़ी शर्त





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *