टेस्ला, स्टारलिंक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के मालिक अरबपति एलन मस्क ने शुक्रवार (26 दिसंबर, 2025) को कनाडा की स्वास्थ्य व्यवस्था की कड़ी आलोचना की. मस्क की यह प्रतिक्रिया कनाडा में भारतीय मूल के एक 44 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद सामने आई, जिसे कथित तौर पर अस्पताल के वेटिंग एरिया में आठ घंटे से ज्यादा समय तक इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा था.
मरीज की पत्नी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
कनाडा के अस्पताल में मरने वाले भारतीय मूल के शख्स का नाम प्रशांत श्रीकुमार था. प्रशांत की कनाडा के एडमंटन के ग्रे नन्स कम्युनिटी हॉस्पिटल में संदिग्ध दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. उनके परिवार ने बताया कि सीने में तेज दर्द की शिकायत के बावजूद उन्हें अस्पताल के वेटिंग एरिया में ही बैठाए रखा गया. अस्पताल के इस रवैये को लेकर प्रशांत की पत्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को एक वीडियो शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गया. इस वीडियो में प्रशांत की पत्नी ने आरोप लगाया कि अस्पताल के कर्मियों ने उनके पति की गंभीर हालत को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया.
एलन मस्क ने वायरल वीडियो पर दी अपनी प्रतिक्रिया
When the government does medical care, it is about as good as the DMV https://t.co/kRdlL3idyF
— Elon Musk (@elonmusk) December 26, 2025
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर कहा, ‘जब सरकार मेडिकल केयर संभालती है, तो उसकी हालत अमेरिकी डीएमवी (डिपार्टमेंट ऑफ मोटर व्हीकल्स) जैसी हो जाती है.’ उन्होंने कनाडा के हेल्थ केयर सिस्टम की तुलना अमेरिका के मोटर व्हीकल्स विभाग से की, जिसे अक्सर उसकी अक्षमता के लिए आचोलना का सामना करना पड़ता है.
परिवार ने बताया क्या था पूरा मामला
प्रशांत श्रीकुमार के परिवार ने बताया कि उन्हें पिछले हफ्ते सोमवार (22 दिसंबर, 2025) को दोपहर करीब 12.15 बजे ग्रे नन्स कम्युनिटी हॉस्पिटल ले जाया गया था. वह करीब 12.20 बजे से रात 8.50 बजे तक ट्रायेज एरिया में ही रहे और इस दौरान उन्हें लगातार सीने में दर्द की शिकायत रही और उनका ब्लड प्रेशर 210 तक पहुंच गया था, लेकिन उन्हें केवल टायलनॉल दी गई. अस्पताल के कर्मियों ने कथित तौर पर यह कहकर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया कि सीने का दर्द एक्यूट नहीं है और कार्डियक इमरजेंसी की आशंका नहीं है.
यह भी पढे़ंः बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का भारत ने उठाया मुद्दा तो यूनुस सरकार ने दिया जवाब, जानें क्या कहा?