दुबई ने एक बहुत ही शानदार और अनोखी परियोजना की घोषणा की है, जिसमें दुनिया की पहली ‘गोल्ड स्ट्रीट’ यानी सोने से बनी सड़क बनाई जाएगी. यह प्रोजेक्ट दुबई के नए ‘दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट’ का हिस्सा है, जिसे ‘सोने का घर’ या ‘होम ऑफ गोल्ड’ कहा जा रहा है. इसका मकसद दुबई को सोने और ज्वैलरी के व्यापार का दुनिया का सबसे बड़ा केंद्र बनाना है.
1 हजार से ज्यादा सोने की दुकानें बनेंगी
यह गोल्ड स्ट्रीट पूरी तरह से सोने के एलिमेंट्स से बनाई जाएगी और इसे दुनिया की पहली ऐसी सड़क बताया जा रहा है. यह दुबई के डेरा इलाके में बनेगी, जो पहले से ही गोल्ड सौक के लिए मशहूर है. यहां पर्यटक सोना और ज्वैलरी खरीदने के लिए आते हैं. इस नए डिस्ट्रिक्ट में रिटेल दुकानें, होलसेल ट्रेडिंग, बुलियन (सोने की ईंटें), निवेश और ज्वैलरी से जुड़ी सारी चीजें एक ही जगह पर होंगी. अधिकारियों की उम्मीद है कि यहां कम से कम 1 हजार से ज्यादा रिटेल सोने की दुकानें होंगी, जो पर्यटकों और व्यापारियों के लिए एक बड़ा आकर्षण बनेगा.
सोने के शहर से बढ़ेगी दुबई की साख
यह प्रोजेक्ट इथरा दुबई ने लॉन्च किया है, जो दुबई डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमी एंड टूरिज्म (DET) और दुबई फेस्टिवल्स एंड रिटेल इस्टैब्लिशमेंट (DFRE) के तहत काम करता है. DFRE के CEO अहमद अल खाजा ने कहा कि सोना दुबई की संस्कृति और व्यापार में बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है. यह हमारी विरासत, समृद्धि और व्यापार की भावना का प्रतीक है. एक UAE अधिकारी ने भी बताया कि गोल्ड डिस्ट्रिक्ट और गोल्ड स्ट्रीट दुबई को सोने के वैश्विक केंद्र के रूप में और मजबूत बनाएंगे.
Ithra Dubai officially launches Dubai Gold District, a purpose-built destination designed to strengthen Dubai’s position as the world’s leading hub for the gold and jewellery trade. Developed as a unified ecosystem, the District features more than 1,000 retailers and brings… pic.twitter.com/sY1ekO65PO
— Dubai Media Office (@DXBMediaOffice) January 27, 2026
दुबई सरकार ने जारी किया पहला वीडियो
इस सड़क के डिजाइन, सटीक लोकेशन और पूरा होने की समयसीमा की पूरी डिटेल्स स्टेप बाय स्टेप जारी की जाएंगी. प्रोजेक्ट की शुरुआत में ही दुबई सरकार ने इसका पहला वीडियो रिलीज कर दिया है, जो लोगों में काफी उत्साह पैदा कर रहा है. दुबई हमेशा से लग्जरी और इनोवेशन के लिए जाना जाता है. बुर्ज खलीफा, पाम आइलैंड्स और अब यह गोल्ड स्ट्रीट दुबई की शान है. यह नया प्रोजेक्ट न सिर्फ व्यापार को बढ़ावा देगा बल्कि पर्यटन को भी नई ऊंचाई देगा. दुनिया भर के लोग अब दुबई में सोने की सड़क पर चलने का इंतजार कर रहे हैं.