गले में माला, कंधे पर बिठाकर स्वागत और विजय जुलूस… जमानत के बाद ऐसे किया रेप के आरोपी का स्वागत


गाजियाबाद से सामने आए एक वायरल वीडियो ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. वीडियो में रेप के आरोपी एक व्यक्ति को जमानत मिलने के बाद उसके समर्थकों द्वारा जोरदार स्वागत करते हुए देखा जा सकता है. समर्थकों ने उसे कंधों पर बैठाया, नारे लगाए और जुलूस निकालकर इसे विजय जुलूस जैसा रूप दे दिया.

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे “हैरान करने वाला” बताया और सरकार को कठघरे में खड़ा किया.

अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा

सपा चीफ ने कहा- “जिस अपनी वाहिनी की भूरी-भूरी प्रशंसा प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने अभी हाल में ही की थी, उस वाहिनी के ‘बलात्कार के आरोपी’ एक बड़े पदाधिकारी की जमानत होने पर, जिस तरह उसका पुष्प वर्षा व माल्यार्पण से स्वागत हुआ है, उससे निंदनीय और कुछ नहीं हो सकता. लगता है माननीय अगला चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने के लिए अपने पक्के समर्थकों को बाहर निकाल रहे हैं. अब कल को जमानत पर रिहा ये बलात्कार का आरोपी ‘महिला आरक्षण’ के समर्थन में नारे लगाते दिखेगा.”

जानकारी के अनुसार, आरोपी सुशील प्रजापति, जो पहले हिंदू युवा वाहिनी से जुड़ा रहा है, पर एक लॉ स्टूडेंट के साथ रेप का आरोप है. आरोप है कि उसने पीड़िता को एक वकील से मिलवाने के बहाने फ्लैट पर बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया. करीब नौ महीने जेल में रहने के बाद 17 मई को उसे जमानत पर रिहा किया गया.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

वायरल वीडियो में समर्थक “वी” साइन दिखाते और इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है. पुलिस ने इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए कहा है कि वीडियो की जांच की जा रही है. साथ ही, जुलूस में शामिल गाड़ियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: गले में माला, कंधे पर बिठाकर स्वागत और विजय जुलूस… जमानत के बाद ऐसे किया रेप के आरोपी का स्वागत





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *