जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में 2 जवान शहीद, एनकाउंटर में एक आतंकी भी मारा गया; 9 दिनों से चल रही मुठभेड़


जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के अखाल क्षेत्र में आतंकियों के साथ मुठभेड़ आज (09 अगस्त, 2025) नौवें दिन भी जारी है. रातभर इलाके में जोरदार धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनाई देती रहीं. इस दौरान सेना के दो जवान शहीद हो गए, जबकि पिछली रात हुई फायरिंग में दो अन्य जवान घायल हुए. चिनार कॉर्प्स ने लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह की वीरता को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस और समर्पण हमेशा प्रेरणा देगा.

अब तक इस ऑपरेशन में एक आतंकी का शव बरामद किया गया है. कुल मिलाकर दो जवान शहीद और दस जवान घायल हो चुके हैं. सूत्रों के अनुसार, घने जंगल और प्राकृतिक गुफा जैसे ठिकानों का लाभ उठाकर कम से कम तीन या उससे अधिक आतंकी अब भी छिपे हुए हैं. 

कुलगाम में सबसे लंबा ऑपरेशन
अखाल के जंगल क्षेत्र में चल रही यह मुठभेड़ कश्मीर घाटी के सबसे लंबे आतंक विरोधी ऑपरेशनों में से एक बन चुकी है. यह ऑपरेशन 1 अगस्त को उस समय शुरू हुआ था जब सुरक्षाबलों को आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी. अब तक इस मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया है. सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर तलाशी ऑपरेशन शुरू किया था, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई.

हाई-टेक निगरानी और पैरा कमांडो की मदद
ऑपरेशन की निगरानी जम्मू-कश्मीर के पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात और सेना के उत्तरी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा कर रहे हैं. आतंकियों को ढूंढने के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है, जबकि पैरा कमांडो भी ऑपरेशन में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *