पहले नींद की गोलियां दी, फिर दबा दिया गला… महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर ली अपने 3 बच्चों की जान


Pakistan News: पाकिस्तान से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. प्रेमी से शादी करने की चाह में एक विवाहित महिला ने अपने ही तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी. इस जघन्य वारदात को महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया. घटना के सामने आने के बाद हर कोई स्तब्ध है.

अवैध संबंध बना मौत की वजह

आरोपी महिला का नाम चित्र बशीर बताया जा रहा है. करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए बाबर हुसैन नाम के युवक से हुई थी. बातचीत बढ़ते-बढ़ते दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए. दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन महिला पहले से शादीशुदा थी और उसके तीन छोटे बच्चे थे.

चित्र बशीर ने अपने पति से तलाक की मांग करनी शुरू कर दी. वह आए दिन झगड़ा करने लगी. पति ने तलाक की वजह पूछी और बच्चों का हवाला दिया. उसने कहा कि तीन बच्चों का भविष्य क्या होगा और उनकी देखभाल कौन करेगा. इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद होने लगा.

बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश

जांच में सामने आया कि महिला और उसके प्रेमी ने तय किया कि जब तक बच्चे हैं, शादी संभव नहीं है. इसके बाद दोनों ने तीनों बच्चों को मारने की साजिश रच डाली. एक दिन जब पति घर पर मौजूद नहीं था, तब महिला ने बच्चों के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं. बच्चों के बेहोश होने के बाद गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी.

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की. तीनों बच्चों के शवों को एक सुनसान इलाके में ले जाकर जला दिया गया और फिर वहीं दफना दिया गया, ताकि किसी को शक न हो. मारे गए बच्चों में दो बेटियां और एक बेटा शामिल थे, जिनकी उम्र 3 से 7 साल के बीच थी.

ऐसे खुला राज

कुछ दिनों बाद महिला के पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी बच्चों के साथ लापता है. पुलिस ने जांच शुरू की और तलाशी अभियान चलाया. पूछताछ के दौरान महिला को हिरासत में लिया गया, जहां उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर प्रेमी बाबर हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक पहाड़ी इलाके में खुदाई कर बच्चों के अवशेष बरामद किए हैं. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है. यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों में गहरा आक्रोश है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *