बांग्लादेश चुनाव में चित हुई शेख हसीना के खिलाफ छात्र आंदोलन करने वाली पार्टी, मुश्किल से जीते नाहिद इस्लाम


बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव में छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल नाहिद इस्लाम और उनकी पार्टी के प्रदर्शन पर भी सभी की निगाहें थीं. चुनाव परिणाम आए तो नाहिद इस्लाम इलेक्शन जीतने में कामयाब रहे, लेकिन उनकी पार्टी का चुनाव में बुरा हाल हुआ. नाहिद इस्लाम उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने बीते साल जुलाई में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के खिलाफ ‘भेदभाव विरोधी’ छात्र आंदोलन का नेतृत्व किया था.

ढाका-11 सीट से चुनाव जीता

नाहिद इस्लाम ने ढाका-11 निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है. नाहिद को 93,872 वोट मिले.  उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के उम्मीदवार एमए क़यूम रहे, जिन्हें 91,833 वोट मिले. नाहिद इस्लाम ने 2,039 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. ढाका-11 सीट पर 163 मतदान केंद्रों पर, डाक मतपत्रों सहित, मतदान हुआ. इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 4,39,075 मतदाता हैं, जिनमें से 1,96,370 ने मतदान किया. कुल 3,517 मत अमान्य घोषित किए गए, जिसके बाद 1,92,853 वैध मत बचे.

नाहिद इस्लाम ने बनाई थी अपनी पार्टी

नाहिद इस्लाम, बांग्लादेश में बनी अंतरिम सरकार में बतौर सूचना सलाहकार शामिल हुए थे. बाद में उन्होंने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था. नाहिद इस्लाम ने नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) बनाई थी. संसदीय चुनाव में नेशनल सिटीजन पार्टी ने जमात-ए-इस्लाम के साथ गठबंधन किया था और 30 सीटों पर चुनाव लड़ी थी. हालांकि पार्टी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. एनसीपी ने किसी भी दल से गठबंधन न करके अकेले दम पर चुनाव लड़ने की हुंकार भरी थी लेकिन चुनाव आते-आते सारे समीकरण बदल गए और पार्टी ने उस जमात-ए-इस्लाम के साथ मिलकर चुनाव लड़ा, जिस पर वह कभी भरोसा नहीं करने का दंभ भरती थी.

चुनाव में धोखाधड़ी का लगाया आरोप

एनसीपी के प्रवक्ता और पार्टी की केंद्रीय चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आसिफ महमूद शोजीब भुइयां ने 13 फरवरी (शुक्रवार) सुबह ढाका केप्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए ढाका की कई सीटों पर हेराफेरी और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया. एनसीपी प्रवक्ता और पार्टी की केंद्रीय चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आसिफ महमूद शोजीब भुइयां ने कहा, “रिजल्ट को बदलने के लिए मनोवैज्ञानिक दबाव और प्रशासनिक हेरफेर का इस्तेमाल किया जा रहा था, खासकर उन निर्वाचन क्षेत्रों में जहां जमात के नेतृत्व वाले 11-दलीय गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने चुनाव लड़ा था.”

बीएनपी की बंपर जीत

तारिक रहमान की अगुवाई वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) गठबंधन ने 299 सीटों में से 213+ सीटों पर जीत दर्ज की है. तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री होंगे, यह लगभग साफ है. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट कर तारिक रहमान को जीत की बधाई दी और साथ मिलकर संबंधों को मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *