‘मादुरो की गिरफ्तारी को लाइव देखना TV शो जैसा’, वेनेजुएला में अमेरिका की एयरस्ट्राइक पर बोले डोनाल्ड ट्रंप, तेल इंडस्ट्री को लेकर कह दी बड़ी बात


वेनेजुएला में शनिवार को ताबड़तोड़ हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी न्यूयॉर्क लाया जाएगा. उन्होंने कहा कि वेनेजुएला पर की गई कार्रवाई इस बात का संकेत है कि हम किसी के दबाव में नहीं आने वाले हैं. अमेरिकी की इस कार्रवाई की रूस और ब्राजील समेत कई देशों ने निंदा की है.

वेनेजुएला के तेल उद्योग को लेकर क्या बोले ट्रंप?

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वह वेनेजुएला में की गई इस कार्रवाई के लिए कई दिनों से इंतजार कर रहे थे. उन्होंने कहा,’ मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिकी सेना के कब्जे में हैं और दोनों को जल्द ही न्यूयॉर्क लाया जाएगा. उन दोनों पर न्यूयॉर्क में मुकदमा दायर किया गया है.’ ट्रंप ने बताया कि मादुरो को पकड़ने के अभियान के मद्देनजर संयुक्त राज्य अमेरिका वेनेजुएला के तेल उद्योग में मजबूती से शामिल होने जा रहा है.

मादुरो की गिरफ्तारी को लाइव देखना TV शो जैसा: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘हमारे पास दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनियां हैं और हम इसमें बहुत सक्रिय रूप से शामिल होने जा रहे हैं. हम इस ऑपरेशन के लिए चार दिन से इंतजार कर रहे थे. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मादुरो को पकड़े जाने का सीधा प्रसारण देखा, जो किसी टीवी शो जैसा था.

निकोलस मादुरो पर 2020 में अमेरिकी संघीय अदालत में नार्को-आतंकवाद और अन्य आरोपों के तहत मुकदमा चलाया गया था. अभियोजकों का कहना था कि वह एक ऐसे गिरोह का संचालन कर रहे थे जिसके तहत कथित तौर पर कार्टेल डे लॉस सोल्स के माध्यम से टन कोकीन अमेरिका भेजी जाती थी. उन्होंने हमेशा इन आरोपों से इनकार किया है.

ड्रग्स की तस्करी से जुड़ा है मामला

यह पूरा मामला ड्रग्स की तस्करी से जुड़ा हुआ है. अमेरिका ने लगातार वेनेजुएला को बड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी. कैरेबियन सागर में अमेरिका की तरफ से कार्रवाई भी की गई. वहीं दबाव बढ़ाने के लिए हाल ही में अमेरिका ने वेनेजुएला की तेल कंपनियों और उनसे जुड़े जहाजों पर प्रतिबंध लगाया था.अमेरिका लगातार आरोप लगाता रहा है कि वेनेजुएला की तरफ से भारी पैमाने पर यूएस के अंदर ड्रग्स भेजे जा रहे हैं.

रूस-ईरान ने अमेरिका की निंदा की

रूस ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई की रूस ने निंदा की. रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘अमेरिका इस हमले को लेकर जो भी तर्क दे रहा है वो बेबुनियाद हैं और यह कदम कूटनीति नहीं, बल्कि वैचारिक शत्रुता से प्रेरित है.’ ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य हमला संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय कानून के बुनियादी नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है. संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध सभी देशों को इसकी निंदा करनी चाहिए. इसके दुष्परिणाम केवल क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पूरी वैश्विक व्यवस्था को प्रभावित करेंगे.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *